उत्तर-पश्चिमी वेनेजुएला में 6.2 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया
वेनेज़ुएला में, कल शाम देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में 6.2 तीव्रता का एक शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे राजधानी कराकस और आसपास के कई इलाकों में कंपन महसूस किया गया। हालाँकि किसी बड़े नुकसान या हताहत की तत्काल कोई खबर नहीं है, लेकिन भूकंप के कारण व्यापक रूप से दहशत फैल गई और निवासियों को इमारतों से बाहर निकलने पर मजबूर होना पड़ा। वेनेज़ुएला के गृह मंत्री डिओसडाडो कैबेलो ने पुष्टि की है कि अभी तक किसी भी महत्वपूर्ण संरचनात्मक क्षति की सूचना नहीं मिली है।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप का केन्द्र माराकाइबो के पास तेल समृद्ध ज़ुलिया राज्य के एक शहर मेने ग्रांडे से लगभग 24 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित था।
कोलम्बियाई भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने भूकंप की तीव्रता 6.1 दर्ज की तथा इसे उथली गहराई वाली घटना बताया।

