28वें यूनिवर्सल पोस्टल कांग्रेस में भारत प्रशासन परिषद एवं पीओसी के लिए पुनः निर्वाचित
दुबई में आयोजित 28वीं यूपीयू कांग्रेस के दौरान भारत को यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन (यूपीयू) की प्रशासन परिषद और डाक परिचालन परिषद (पीओसी) के लिए पुनः निर्वाचित किया गया है।
संचार मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारत का पुनः निर्वाचित होना भारतीय डाक के नेतृत्व, सुधारों और नवीन डिजिटल पहलों में अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के विश्वास को दर्शाता है।
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के तहत भारत के बढ़ते वैश्विक नेतृत्व को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि इसके मूल में विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर का दृढ़ मार्गदर्शन है, जिनके अथक प्रयास और विशेषज्ञता ने इस उपलब्धि को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भारत 1876 से यूपीयू का सदस्य रहा है और वैश्विक डाक नेटवर्क को मजबूत करने में निरंतर योगदान देता रहा है।
यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन, संयुक्त राष्ट्र की एक विशेष एजेंसी, डाक क्षेत्र के हितधारकों के बीच सहयोग के लिए प्राथमिक मंच है।
प्रशासन परिषद नीति, विनियामक और शासन संबंधी मामलों के लिए जिम्मेदार है, जबकि पीओसी तकनीकी और परिचालन निकाय है जो दुनिया भर में डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण को आगे बढ़ाता है।

