एस्टोनिया का आरोप है कि रूसी लड़ाकू विमानों ने उसके हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है।
एस्टोनिया ने कहा है कि रूस ने तीन सुपरसोनिक लड़ाकू विमानों के साथ उसके हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है। विदेश मंत्री मार्गस त्सखना ने कहा है कि तीन मिग-31 विमानों ने कल उत्तर में फिनलैंड की खाड़ी के ऊपर एस्टोनियाई हवाई क्षेत्र में कुल 12 मिनट तक प्रवेश किया।
विदेश मंत्री ने आगे कहा कि उन्होंने इस उल्लंघन के लिए रूसी दूतावास के प्रभारी को तलब किया है। एस्टोनिया के विदेश मंत्रालय ने इस घुसपैठ की निंदा करते हुए इसे निर्लज्जतापूर्ण बताया है।
बाद में, एस्टोनियाई प्रधानमंत्री क्रिस्टन माइकल ने नाटो संधि के अनुच्छेद 4 के तहत इस घुसपैठ पर तत्काल परामर्श का अनुरोध किया। नाटो संधि के अनुच्छेद 4 के तहत, कोई भी सदस्य तत्काल वार्ता कर सकता है यदि उसे लगता है कि उसकी क्षेत्रीय अखंडता, राजनीतिक स्वतंत्रता या सुरक्षा खतरे में है।
नाटो प्रवक्ता ने कहा कि सैन्य गठबंधन ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और रूसी विमान को रोक लिया।
इस बीच, रूस ने एस्टोनियाई हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने से इनकार किया है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ये विमान निर्धारित उड़ान पर थे और अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र के नियमों का कड़ाई से पालन कर रहे थे, और उन्होंने किसी अन्य देश की सीमा का उल्लंघन नहीं किया, जैसा कि वस्तुनिष्ठ निगरानी से पुष्टि होती है।

