FEATUREDNationalPopular

प्रधानमंत्री विश्वकर्मा और राष्ट्रीय एससी-एसटी हब मेगा कॉन्क्लेव आज बोधगया में शुरू

बिहार में, आज बोधगया स्थित बोधगया कन्वेंशन सेंटर में पीएम विश्वकर्मा एवं राष्ट्रीय एससी-एसटी हब मेगा कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। पीएम विश्वकर्मा योजना की दूसरी वर्षगांठ पर, इस कॉन्क्लेव का आयोजन सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) द्वारा किया जा रहा है। केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतन राम मांझी और केंद्रीय एमएसएमई राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे बोधगया में पीएम विश्वकर्मा की दूसरी वर्षगांठ समारोह सह मेगा कॉन्क्लेव का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, एनएसएसएच और पीएमईजीपी के 2000 से अधिक लाभार्थी इसमें भाग लेंगे। कारीगरों और शिल्पकारों के उत्पादों की प्रदर्शनी और प्रदर्शन-सह-बिक्री के लिए दो दिनों तक 100 स्टॉल लगाए जाएँगे। इसके अलावा, प्रतिभागियों को सहायता प्रदान करने के लिए मार्केटिंग, ब्रांडिंग और पैकेजिंग पर तकनीकी सत्र भी आयोजित किए जाएँगे। बिहार में कुल 1.62 लाख लाभार्थियों ने तीन चरणों का सत्यापन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। एक लाख से अधिक लाभार्थियों को बुनियादी कौशल प्रशिक्षण दिया गया है, लगभग 19 हज़ार लाभार्थियों को 161.3 करोड़ रुपये के रियायती ऋण प्राप्त हुए हैं और 29,000 विश्वकर्माओं को भारतीय डाक के माध्यम से उनके घर पर आधुनिक टूलकिट प्राप्त हुए हैं।