National

लद्दाख के उपराज्यपाल बीडी मिश्रा ने ली शपथ, गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया

लेह। ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) बीडी मिश्रा ने रविवार को लद्दाख के दूसरे उपराज्यपाल के रूप में शपथ ली। उन्होंने पूर्व आईएएस अधिकारी राधा कृष्ण माथुर की जगह उपराज्यपाल का पद संभाला है। माथुर ने लद्दाख के केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद 27 महीने से अधिक समय तक राज्यपाल का पद संभाला था।
अरुणाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल मिश्रा को लेह के राज निवास में आयोजित एक समारोह में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एन कोटिश्वर सिंह ने शपथ दिलाई। बाद में उपराज्यपाल बीडी मिश्रा को लद्दाख पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

इस कार्यक्रम में लद्दाख के सांसद जामयांग त्सेरिंग नामग्याल, लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषदों के मुख्य कार्यकारी पार्षद, ताशी ग्यालसन (लेह) और फिरोज खान (कारगिल), सभी प्रशासनिक सचिव और पुलिस, सेना के वरिष्ठ अधिकारियों और अर्धसैनिक बल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल थे।

बीडी मिश्रा 31 जुलाई, 1995 को सेना से सेवानिवृत्त हुए और 3 अक्टूबर, 2017 को अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में पदभार संभाला। वह एनएसजी काउंटर हाइजैक टास्क फोर्स के कमांडर थे। 24 अप्रैल, 1993 को अमृतसर के राजा सांसी एयरफील्ड में अपहर्ताओं से सभी 124 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचाने के लिए प्रधानमंत्री ने उनकी सराहना की थी।