FEATUREDInternationalPopular

फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर आज 5 दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत आएंगे

फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर आज दोपहर भारत की पाँच दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुँचेंगे। उनके साथ प्रथम महिला लुईस अरनेटा मार्कोस और कई कैबिनेट मंत्रियों, अन्य गणमान्य व्यक्तियों और वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा व्यापारिक प्रतिनिधियों सहित एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आएगा। फिलीपींस के राष्ट्रपति का पदभार ग्रहण करने के बाद, राष्ट्रपति मार्कोस की यह पहली भारत यात्रा होगी।

इस यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति मार्कोस कल द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। राष्ट्रपति मार्कोस राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर भी इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मार्कोस से मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति मार्कोस फिलीपींस लौटने से पहले बेंगलुरु भी जाएँगे।

भारत और फिलीपींस के बीच राजनयिक संबंध नवंबर 1949 में स्थापित हुए थे। तब से दोनों देशों ने व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, समुद्री सहयोग, कृषि, स्वास्थ्य सेवा, फार्मास्यूटिकल्स और डिजिटल तकनीकों सहित कई क्षेत्रों में एक मज़बूत साझेदारी विकसित की है। दोनों देश क्षेत्रीय स्तर पर भी घनिष्ठ रूप से जुड़े हुए हैं, जिसमें आसियान के साथ भारत की व्यापक रणनीतिक साझेदारी भी शामिल है।

फिलीपींस के साथ भारत के संबंध एक्ट ईस्ट नीति, विज़न महासागर और हिंद-प्रशांत के दृष्टिकोण का एक अभिन्न स्तंभ हैं। राष्ट्रपति मार्कोस की राजकीय यात्रा भारत-फिलीपींस राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है। यह यात्रा दोनों नेताओं के लिए भविष्य के द्विपक्षीय सहयोग की राह तय करने और आपसी हित के क्षेत्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर बातचीत करने का एक अवसर है।