मोदी सरकार जम्मू-कश्मीर को आतंकवाद मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध: गृह मंत्री अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि नरेंद्र मोदी सरकार जम्मू-कश्मीर को आतंकवाद मुक्त बनाने और क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और आतंकी ढाँचे को ध्वस्त कर दिया जाएगा। श्री शाह पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में भारत द्वारा चलाए गए सशक्त, सफल और निर्णायक ऑपरेशन सिंदूर पर राज्यसभा में हुई चर्चा का जवाब दे रहे थे। गृह मंत्री ने पहलगाम आतंकी हमले में शामिल तीन आतंकवादियों को मार गिराने वाले सफल ऑपरेशन महादेव के लिए सशस्त्र बलों और सुरक्षा एजेंसियों की भूमिका की सराहना की। श्री शाह ने बताया कि सरकार ने आतंकी हमले के तुरंत बाद पाकिस्तान के खिलाफ कड़े कदम उठाए, जिनमें सिंधु जल संधि और वीज़ा सुविधा को निलंबित करना शामिल है। उन्होंने कहा कि सशस्त्र बलों को पीओके और पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को नष्ट करने की पूरी स्वतंत्रता दी गई थी। श्री शाह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सौ से ज़्यादा आतंकवादियों को मार गिराया गया और आतंकवादी संगठनों के आतंकी शिविरों को नष्ट कर दिया गया। गृह मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान की मारक क्षमताएँ नष्ट कर दी गईं और उसे घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी पक्ष ने भारत से संपर्क किया और ऑपरेशन रोकने का अनुरोध किया।
उन्होंने कांग्रेस पर वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति के लिए आतंकवाद के प्रति नरम रुख अपनाने का आरोप लगाया। श्री शाह ने पूर्व गृह मंत्री पी. चिदंबरम की इस बात के लिए आलोचना की कि उन्होंने आतंकवादियों के पाकिस्तानी होने का सबूत मांगा था। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री चिदंबरम का बयान कांग्रेस पार्टी की उस मानसिकता को दर्शाता है जो आतंकवादी संगठनों को बचाती है।
इससे पहले, चर्चा में भाग लेते हुए, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने ऑपरेशन सिंदूर को रोकने के लिए मध्यस्थता के दावों का खंडन करते हुए कहा कि इस साल 22 अप्रैल से 16 जून तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच कोई फ़ोन कॉल नहीं हुई। उन्होंने कहा, “किसी भी विश्व नेता ने भारत से अपना ऑपरेशन रोकने के लिए नहीं कहा।” उन्होंने कहा कि अमेरिका के उपराष्ट्रपति के साथ बातचीत के दौरान भारत ने अपना रुख़ स्पष्ट कर दिया है कि अगर पाकिस्तान हमला करता है, तो भारत बड़ा हमला करके जवाब देगा।
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर प्रकाश डालते हुए, मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान में बहावलपुर और मुरीदके जैसे सबसे बड़े आतंकवादी ठिकानों को भारी नुकसान पहुँचा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी हवाई अड्डों का विनाश और पाकिस्तान में आतंकवादियों के जनाज़ों के वीडियो ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को दर्शाते हैं।
चर्चा में भाग लेते हुए, राज्यसभा में सदन के नेता जे.पी. नड्डा ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की। उन्होंने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह आतंकी हमले वाले दिन ही श्रीनगर पहुँच गए थे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब की अपनी यात्रा बीच में ही छोड़ दी थी। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि इससे पता चलता है कि सरकार कितनी संवेदनशील है। श्री नड्डा ने सशस्त्र बलों और सुरक्षा एजेंसियों की भूमिका की सराहना की। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि राजनीतिक नेतृत्व सर्वोपरि है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपीए शासन के दौरान पड़ोसी देश के साथ व्यापार के साथ-साथ आतंकी घटनाएँ भी हो रही थीं। श्री नड्डा ने ज़ोर देकर कहा कि एनडीए सरकार आतंकवाद से सख्ती से निपट रही है।

