इसरो आज पृथ्वी अवलोकन उपग्रह निसार का प्रक्षेपण करेगा
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन आज पृथ्वी अवलोकन उपग्रह, नासा-इसरो सिंथेटिक अपर्चर रडार (निसार) का प्रक्षेपण करेगा। इसे श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से शाम 5:40 बजे GSLV-F16 रॉकेट के ज़रिए प्रक्षेपित किया जाएगा। प्रक्षेपण की उल्टी गिनती कल दोपहर 2:10 बजे शुरू हो गई थी।
आकाशवाणी संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार, निसार उपग्रह किसी भी मौसम में, दिन-रात, चौबीसों घंटे पृथ्वी का मानचित्रण करने में सक्षम है। हर 12 दिन में एक बार, यह उपग्रह पूरी पृथ्वी का स्कैन करके पृथ्वी की सतह के अत्यंत विस्तृत चित्र प्रदान करेगा, जिसमें एक सेंटीमीटर से भी छोटे सूक्ष्म परिवर्तन कैद होंगे।
सूर्य तुल्यकालिक ध्रुवीय कक्षा में निसार का बहुप्रतीक्षित प्रक्षेपण, सामान्य पीएसएलवी के बजाय जीएसएलवी द्वारा किया जा रहा है क्योंकि यह उपग्रह भारी है। निसार एक अनूठा पृथ्वी अवलोकन उपग्रह है और यह मिशन भारतीय और अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसियों के बीच पहला हार्डवेयर सहयोग है, जिसमें दोनों कंपनियाँ उपग्रह के लिए एक अलग रडार प्रणाली प्रदान करेंगी।

