रूसी विदेश मंत्री लावरोव ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प की 100% टैरिफ धमकी को कमतर बताया
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने रूस और उसके सहयोगियों पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की धमकी को कमतर आंकते हुए कहा कि मॉस्को अतिरिक्त प्रतिबंधों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के विदेश मंत्रियों की परिषद की बैठक के बाद एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए लावरोव ने रेखांकित किया कि रूस पहले से ही अभूतपूर्व संख्या में प्रतिबंधों के अधीन है और उन्होंने किसी भी नए बोझ से निपटने की देश की क्षमता पर विश्वास व्यक्त किया।
उनकी यह टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा रूस पर 100 प्रतिशत तक द्वितीयक टैरिफ लगाने की योजना की घोषणा के बाद आई है, यदि वह 50 दिनों के भीतर यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए किसी समझौते पर सहमत नहीं होता है।
एक रूसी समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, लावरोव ने कहा कि मास्को यह समझना चाहेगा कि यूक्रेन पर समझौता करने के लिए 50 दिन का समय देने से ट्रंप का क्या मतलब था, क्योंकि पहले भी 24 घंटे और 100 दिन की समय-सीमाएँ तय की गई थीं। लावरोव ने यह भी कहा कि एससीओ देशों ने ईरान के परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण उपयोग के वैध अधिकार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

