मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में भारी बारिश और जलभराव की स्थिति की समीक्षा की
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को नागपुर में भारी बारिश और जलभराव की गंभीर स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने जानकारी दी कि फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं। सीएम ने नागपुर जिला कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त और पुलिस आयुक्त के साथ बैठक कर हालात का जायजा लिया।
CMO की ओर से जारी एक्स पोस्ट में बताया गया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए नागपुर जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से सुरक्षा उपाय अपनाने और सतर्क रहने की अपील की है।
नागपुर के न्यू नरसाला क्षेत्र में हालात बेहद खराब हैं। एक निवासी ने बताया, “हर साल मानसून में यही होता है। पानी कमर तक भर गया है, कारें डूब गई हैं और घरों में पानी घुस गया है।” एक अन्य स्थानीय व्यक्ति ने कहा, “इलाका तीन दिनों से जलमग्न है, सड़कें बंद हैं, आना-जाना मुश्किल हो गया है।”
नागपुर नगर निगम (NMC) ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। न्यू नरसाला क्षेत्र में राफ्ट की मदद से फंसे लोगों को निकाला जा रहा है। नगर निगम के सिटी ऑपरेशन सेंटर ने सीसीटीवी कैमरों के जरिए जलभराव वाले इलाकों की निगरानी की और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की।
NMC के मुख्य अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन अधिकारी तुषार बरहाटे ने बताया कि “अब तक 40-50 शिकायतें मिली हैं, 5-7 पेड़ गिरने की घटनाएं हुई हैं और कुछ लोगों के फंसे होने की सूचना पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया है।” जल निकासी के लिए डीवॉटरिंग पंपों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने नागपुर में 11 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें “भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाओं” की संभावना जताई गई है।

