पहलगाम हमले के बाद कश्मीर में पर्यटन पुनर्जीवित हो रहा है: केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत
केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि पहलगाम के बैसरन गांव में 22 अप्रैल को हुई आतंकी घटना के बाद कश्मीर में पर्यटन के फिर से पटरी पर आने के स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन और केंद्र सरकार के समन्वित प्रयासों से लोगों में विश्वास फिर से जगा है। श्रीनगर में शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एसकेआईसीसी) में राष्ट्रीय पर्यटन सचिवों के सम्मेलन के दौरान मीडिया से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि केंद्र के समर्थन से जम्मू-कश्मीर सरकार की मजबूत पहल से यात्रियों और पर्यटन हितधारकों के बीच विश्वास बहाल करने में मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सम्मेलन का आयोजन देश भर के पर्यटन सचिवों को कश्मीर लाने के लिए किया गया है ताकि ये अधिकारी अपने-अपने राज्यों में सुरक्षा का संदेश ले जा सकें। उन्होंने कहा कि इससे घरेलू पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और कश्मीर सहित पूरे भारत में कम से कम 50 प्रतिष्ठित स्थलों को विकसित करने के प्रधानमंत्री के विजन को पूरा करने में मदद मिलेगी।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि सम्मेलन में राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख नीतिगत क्षेत्रों जैसे 2025-26 के लिए पर्यटन संबंधी बजट घोषणाएं, गंतव्य विकास और बुनियादी ढांचा पहल आदि पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

