भारत ने मोजाम्बिक को आधुनिक कैब सुविधाओं के साथ उन्नत डीजल इंजनों का निर्यात किया
भारत मोजाम्बिक को 3300 हॉर्स पावर के दस डीजल इलेक्ट्रिक इंजन निर्यात कर रहा है। बनारस लोकोमोटिव वर्क्स द्वारा निर्मित ये इंजन न केवल तकनीकी रूप से उन्नत हैं, बल्कि इनमें ड्राइवर के लिए कई विशेष सुविधाएं भी हैं। इसमें कैब का सुंदर डिजाइन, शौचालय की सुविधा और रेफ्रिजरेटर शामिल हैं। ये सुविधाएं न केवल ड्राइवर के आराम को सुनिश्चित करती हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कार्यस्थल की गुणवत्ता को भी दर्शाती हैं। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक (सूचना एवं प्रचार) दिलीप कुमार ने कहा कि इन दस इंजनों में से दो इंजनों की इस महीने मोजाम्बिक को सफलतापूर्वक डिलीवरी कर दी गई है, जबकि शेष आठ इंजनों की डिलीवरी इस साल के अंत तक होने वाली है।

