रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आठ डीपीएसयू के प्रदर्शन की समीक्षा की
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि सरकार रक्षा औद्योगिक आधार को मजबूत करने और रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों (डीपीएसयू) की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री सिंह ने कल नई दिल्ली में आठ डीपीएसयू के कार्यनिष्पादन की समीक्षा की।
बैठक के दौरान, मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों की तैयारियों को प्रदर्शित करने वाले प्लेटफार्मों और प्रौद्योगिकियों को विकसित करने में डीपीएसयू सहित पूरे रक्षा उद्योग की भूमिका की सराहना की।
वर्तमान भू-राजनीतिक परिदृश्य और हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए, श्री सिंह ने डीपीएसयू को आधुनिक युद्ध के उभरते क्षेत्रों में अनुसंधान और विकास पर अधिक ध्यान देने के साथ नवीनतम प्रौद्योगिकियों पर अपना उत्पादन बढ़ाने का निर्देश दिया।
रक्षा मंत्री ने रक्षा क्षेत्र की कंपनियों से सशस्त्र बलों को उत्पादों की समय पर डिलीवरी पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया। उन्होंने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड को महारत्न का दर्जा मिलने और मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (एमडीएल) को नवरत्न का दर्जा मिलने पर बधाई दी।

