भारत-मालदीव उच्च स्तरीय कोर ग्रुप की दूसरी बैठक आज नई दिल्ली में होगी
मालदीव के विदेश मंत्री डॉ. अब्दुल्ला खलील कल तीन दिवसीय भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। जनवरी और मार्च में पहले की यात्राओं के बाद यह विदेश मंत्री डॉ. खलील की इस साल की तीसरी भारत यात्रा होगी। यह यात्रा भारत और मालदीव के बीच तीव्र उच्च-स्तरीय राजनीतिक आदान-प्रदान की निरंतरता है।
आज, डॉ. खलील भारत-मालदीव उच्च स्तरीय कोर ग्रुप की दूसरी बैठक में मालदीव का नेतृत्व करेंगे, जिसमें व्यापक आर्थिक और समुद्री सुरक्षा साझेदारी पर भारत-मालदीव विज़न दस्तावेज़ के कार्यान्वयन में प्रगति की निगरानी की जाएगी। पिछले साल अक्टूबर में मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज़ू की भारत की राजकीय यात्रा के दौरान दोनों देशों के नेतृत्व द्वारा विज़न दस्तावेज़ को अपनाया गया था।
यात्रा के दौरान विदेश मंत्री डॉ. खलील विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय चर्चा भी करेंगे।

