सरकार ने बेहतर उपयोगकर्ता अनुभव के लिए नया ओसीआई पोर्टल लॉन्च किया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कल नई दिल्ली में नए ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (ओसीआई) पोर्टल का शुभारंभ किया। नया पोर्टल मौजूदा 5 मिलियन से अधिक ओसीआई कार्डधारकों और नए उपयोगकर्ताओं के लिए बेहतर कार्यक्षमता, उन्नत सुरक्षा और उपयोगकर्ता के अनुकूल अनुभव प्रदान करेगा। इस अवसर पर गृह मंत्री ने कहा कि भारत ओसीआई कार्डधारकों को विश्व स्तरीय आव्रजन सुविधाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि ओवरसीज सिटीजन के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए अपडेटेड यूजर इंटरफेस के साथ एक नया ओसीआई पोर्टल लॉन्च किया गया है। श्री शाह ने इस बात पर भी जोर दिया कि दुनिया भर के कई देशों में भारतीय मूल के कई नागरिक रहते हैं, और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि भारत आने या यहां रहने के दौरान उन्हें कोई असुविधा न हो।
गृह मंत्रालय के अनुसार, मौजूदा ओसीआई सेवा पोर्टल 2013 में विकसित किया गया था और वर्तमान में यह विदेशों में 180 से अधिक भारतीय मिशनों के साथ-साथ 12 विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालयों (एफआरआरओ) में संचालित है, जो प्रतिदिन लगभग 2000 आवेदनों का निपटान करता है। पिछले दशक में महत्वपूर्ण तकनीकी प्रगति और ओसीआई कार्डधारकों से प्राप्त फीडबैक को देखते हुए, मौजूदा सीमाओं को संबोधित करने और उपयोगकर्ता अनुभव को बढ़ाने के लिए एक नया ओसीआई पोर्टल विकसित किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए ओसीआई पोर्टल की सराहना की है। सोशल मीडिया पर पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि उन्नत सुविधाओं और बेहतर कार्यक्षमता के साथ, नया पोर्टल नागरिक-अनुकूल डिजिटल शासन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

