सरकार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध: प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि सरकार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापित करने और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर सफल माओवादी विरोधी अभियान के बाद कल रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सोशल मीडिया पोस्ट को साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों की सफलता दर्शाती है कि नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ने की दिशा में अभियान सही दिशा में आगे बढ़ रहा है।
श्री शाह ने कल कहा कि सुरक्षा बलों ने छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर कुर्रागुट्टालु पहाड़ियों (केजीएच) पर नक्सलवाद के खिलाफ बड़े अभियान में 31 कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया है। उन्होंने इस अभियान को अगले वर्ष 31 मार्च तक भारत को नक्सल मुक्त बनाने के संकल्प में एक ऐतिहासिक सफलता बताया। गृह मंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों ने महज 21 दिनों में सबसे बड़ा नक्सल विरोधी अभियान पूरा कर लिया। श्री शाह ने कहा कि खराब मौसम और चुनौतीपूर्ण पहाड़ी इलाकों के बावजूद देश के बहादुर सीआरपीएफ, स्पेशल टास्क फोर्स और डीआरजी के जवानों ने बेजोड़ साहस और वीरता के साथ नक्सलियों का सामना किया। उन्होंने कहा कि सरकार नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इससे पहले कल बीजापुर में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल-सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह, छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरूण देव गौतम और बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि राज्य के बीजापुर जिले में तेलंगाना सीमा पर स्थित कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर यह अभियान इक्कीस दिनों तक चला।

