दुनिया भर में फ्लोरेंस नाइटिंगेल के सम्मान में अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस मनाया गया
आधुनिक नर्सिंग की संस्थापक फ्लोरेंस नाइटिंगेल की जयंती के उपलक्ष्य में आज दुनिया भर में अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस मनाया जा रहा है। अंतर्राष्ट्रीय नर्स परिषद (ICN) हर साल इस महत्वपूर्ण दिन को मनाती है। इस वर्ष का विषय है “हमारी नर्सें। हमारा भविष्य। नर्सों की देखभाल अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाती है”। यह विषय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, स्वास्थ्य प्रणालियों में सुधार करने और दुनिया भर के समुदायों के लिए बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने में एक स्वस्थ नर्सिंग कार्यबल की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है।
आईसीएन की अध्यक्ष पामेला सिप्रियानो ने अपने संदेश में कहा कि हर दिन नर्सें ऐसी देखभाल प्रदान करती हैं जिससे जीवन बचता है, मरीजों को उनके सबसे कमजोर क्षणों से उबारती हैं और स्वास्थ्य प्रणालियों में बदलाव लाती हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भी नर्सों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें दुनिया भर में स्वास्थ्य प्रणालियों का दिल बताया। सोशल मीडिया पर पोस्ट में WHO ने कहा कि आपातकालीन प्रतिक्रिया से लेकर दीर्घकालिक देखभाल तक, जन्म से लेकर जीवन के अंत तक, नर्सें हर जगह स्वास्थ्य से जुड़ी हैं।

