NationalPopular

देश भर में मौसम का पूर्वानुमान

भारतीय मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में असम और मेघालय में भारी बारिश का अनुमान लगाया है। आईएमडी ने आज उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में भी भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। पूर्वी मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में आज कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि का अनुमान है। मौसम एजेंसी ने कहा कि 14 अप्रैल तक देश के पश्चिमी, मध्य और आसपास के पूर्वी क्षेत्रों के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है।

मौसम एजेंसी ने अगले पांच दिनों के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तेलंगाना और कर्नाटक में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है। आईएमडी ने कहा कि अगले 4-5 दिनों के दौरान पश्चिमी राजस्थान, गुजरात, पंजाब और हरियाणा में कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना है।

इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में कल शाम मौसम में अचानक आए बदलाव के बाद धूल भरी आंधी चली। शहर में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और पिछले कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिली। शहर के विभिन्न हिस्सों में पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ। धूल भरी आंधी और तेज हवाओं के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर कुल 15 उड़ानों को डायवर्ट किया गया और कई अन्य उड़ानों में देरी हुई।