भारत का कृषि उत्पादन 2024-25 में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने की संभावना है
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने वर्ष 2024-25 के लिए प्रमुख कृषि फसलों के उत्पादन का दूसरा अग्रिम अनुमान जारी किया है। अनुमानित खरीफ खाद्यान्न उत्पादन लगभग 664 लाख मीट्रिक टन है, जबकि रबी खाद्यान्न उत्पादन 645 लाख मीट्रिक टन से अधिक होने का अनुमान है।
खरीफ चावल उत्पादन एक हजार 206 लाख मीट्रिक टन से अधिक होने का अनुमान है, जो 2023-24 में लगभग एक हजार 132 एलएमटी से अधिक है। तुअर और चना का उत्पादन क्रमशः 35.11 लाख मीट्रिक टन और 115.35 लाख मीट्रिक टन होने का अनुमान है।
प्रमुख फसलों के आंकड़े जारी करते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार कृषि क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि कृषि मंत्रालय विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को सहायता और प्रोत्साहन प्रदान कर रहा है, जिसके परिणामस्वरूप कृषि फसल उत्पादन में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है।

