CityMumbai

छत्रपति शिवाजी की जयंती पर राहुल गांधी के श्रद्धांजलि देने पर भाजपा आक्रामक

मुंबई, 19 फरवरी । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बुधवार को सोशल मीडिया पर छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर श्रद्धांजलि देने के बाद महाराष्ट्र भाजपा आक्रामक हो गई है। भाजपा के नेताओं ने राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की है।

भाजपा नेता प्रवीण दरेकर ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा भारतवर्ष के महापुरुषों का अपमान करते रहे हैं। इससे पहले राहुल गांधी ने कई बार स्वातंत्र्यवीर सावरकर का अपमान किया है। उनकी मानसिकता हमेशा देश विरोधी रही है। राहुल गांधी को अपनी इस गलती के लिए तत्काल बिनाशर्त माफी मांगनी चाहिए, वर्ना भाजपा इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।

मंत्री नीतेश नारायण राणे ने कहा कि राहुल गांधी ने महाराष्ट्र ही नहीं, देश के देवता के रूप में माने जाने वाले छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर इस तरह पोस्ट वायरल किया है। यह बहुत बड़ी गलती है, लेकिन राहुल गांधी से इससे हटकर किसी भी अच्छे विचारों की अपेक्षा नहीं की जा सकती। इसका कारण है कि वे हमेशा औरंगजेबी विचारों का समर्थन करते हैं। नीतेश राणे ने कहा कि राहुल गांधी को तत्काल माफी मांगना चाहिए, वर्ना महाराष्ट्र उन्हें करारा सबक दिए बिना चुप नहीं रहेगा।

भाजपा विधायक अतुल भातखलकर ने कहा कि राहुल गांधी के विचारों की वजह से ही महाराष्ट्र में कांग्रेस का सफाया हो गया है। आज उन्होंने एक महापुरुष का अपमान किया है। भले ही गलती से उन्होंने यह पोस्ट किया है, लेकिन इसे तत्काल डिलिट करके वे आम जनता से मांगें, वर्ना हम उन पर कानूनी कार्रवाई करेंगे।