FEATUREDNational

कर्नाटक सरकार निवेश आकर्षित करने और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध : डी.के. शिवकुमार

मोटोमाची (जापान), 23 नवंबर । कर्नाटक सरकार राज्य में नए निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ बेंगलुरु से बाहर भी औद्योगिक विकास का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने यह बात कही।

मुख्यमंत्री कार्यालय के मीडिया विभाग की ओर से सोमवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य में निवेश आकर्षित करने के अभियान के तहत मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने बड़े एवं मध्यम उद्योग, आधारभूत संरचना विकास और वाणिज्य मंत्री एम.बी. पाटिल तथा प्रतिनिधिमंडल के साथ जापान के मोटोमाची स्थित टोयोटा मोटर कॉर्पोरेशन के संयंत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत की।

बैठक में कर्नाटक में नए निवेश आकर्षित करने, राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने और प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के प्रमुख केंद्र के रूप में कर्नाटक की स्थिति को और मजबूत बनाने पर चर्चा हुई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने टोयोटा के ‘ग्लोबल स्किल-अप’ कार्यक्रम के तहत जापान में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बिदाड़ी स्थित टोयोटा संयंत्र के 20 से अधिक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) प्रशिक्षुओं से भी मुलाकात की। उन्होंने प्रशिक्षुओं से जापान में प्रशिक्षण के दौरान मिले अनुभवों की जानकारी ली और उन्हें इस अवसर का पूरा लाभ उठाने, तकनीकी कौशल एवं विशेषज्ञता बढ़ाने तथा भविष्य में कर्नाटक के विकास में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ‘बियॉन्ड बेंगलुरु’ योजना के माध्यम से औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार के अवसरों को राजधानी से बाहर के क्षेत्रों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार राज्य के सभी क्षेत्रों में संतुलित औद्योगिक विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि उद्योगों को आकर्षित करना, रोजगार के अवसर पैदा करना और बेंगलुरु से बाहर आर्थिक संभावनाओं का विस्तार करना राज्य सरकार के निवेश अभियान के प्रमुख उद्देश्य हैं। इसके जरिए कर्नाटक के प्रत्येक क्षेत्र को राज्य की विकास यात्रा का भागीदार बनाने का प्रयास किया जा रहा है।