ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान से शुरू हुआ राज्य स्तरीय घर-घर तिरंगा यात्रा अभियान
मुंबई, 09 अगस्त । मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान से ‘घर-घर तिरंगा अभियान’ का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान हमें देश के शहीदों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता रहेगा। घर-घर तिरंगा अभियान राष्ट्रवाद को नई उड़ान देगा, क्योंकि अब यह अभियान जन आंदोलन बन गया है।
मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि 1942 में स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन के दौरान इसी ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान से ‘अंग्रेजों जाओ’ का नारा दिया गया था। इसके बाद स्वतंत्रता आंदोलन और अधिक तेज हो गया था। आजादी की लड़ाई में देश के लिए लाखों लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। इसी देशभक्ति, शहीदों के बलिदान और शहीद वीरों के प्रति कृतज्ञता की याद के रूप में हम देशभर की नई पीढ़ी में अपने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति लगाव पैदा कर रहे हैं। राज्य के 2.5 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराया जाएगा। इससे देशभक्ति की भावना जागृत होगी।
उन्होंने कहा कि विभिन्न दुकानों व प्रतिष्ठानों पर भी तिरंगा फहराया जायेगा। हमारे राष्ट्रीय ध्वज में केसरिया, सफेद और हरा रंग बलिदान, साहस, प्रेम, शांति और विश्वास का प्रतीक है। यह अभियान नई पीढ़ी में प्रेरणा और विश्वास पैदा करने का काम करेगा। इस अभियान को और अधिक उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाने से देशभक्ति का फूल खिलेगा और पूरे प्रदेश में देशभक्ति की सुगंध फैलेगी। इस अभियान में रैलियों, पदयात्राओं, तिरंगे वाली सेल्फी, गांवों और शहरों में स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान के में इस अभियान को मनाया जाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग से यह अभियान सफल होगा।
इस अवसर पर मुंबई शहर के संरक्षक मंत्री दीपक केसरकर, मुंबई उपनगर के संरक्षक मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव विकास खडग़े, ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव एकनाथ डावले, शहरी विकास विभाग के प्रधान सचिव के. डॉ. गोविंद राज, अतिरिक्त आयुक्त अमित सैनी, मुंबई शहर कलेक्टर संजय यादव उपस्थित थे।

