FEATUREDMumbai

भीषण आग में कोल्हापुर का केशवराव भोसले नाट्यगृह खाक

मुंबई, 9 अगस्त । कोल्हापुर में ऐतिहासिक संगीत सूर्य केशवराव भोसले नाट्यगृह में गुरुवार की रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भीषण थी कि पूरा नाट्यगृह जलकर खाक हो गया। फायर ब्रिगेड के कर्मियाें ने आग पर काबू पाया। शुक्रवार सुबह संरक्षक मंत्री हसन मुश्रीफ ने मौके का दौरा किया और फिर से इस नाट्यगृह को पूर्ववत बनाए जाने का आश्वासन दिया है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार रात को अचानक संगीत सूर्य केशवराव भोसले नाट्यगृह में आग लग गई थी। इसकी सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड के जवान मौके पर तत्काल पहुंचे थे, लेकिन देखते ही देखते पूरा नाट्यगृह जल कर राख हो गया। संगीतसूर्या केशवराव भोसले नाट्यगृह कोल्हापुर के सांस्कृतिक आंदोलन का एक बड़ा खजाना है। राजर्षि शाहू महाराज ने रोम देश का दौरा करने के बाद वहां के नाट्यगृह को देखा और कोल्हापुर में नाट्यगृह प्रेमियों के लिए इस नाट्यगृह का निर्माण किया। इस नाट्यगृह के जलने से कोल्हापुरवासियों को बड़ा झटका लगा है। एक साै साल की परंपरा और मशहूर नाटकों वाले इस नाट्यगृह को जलता देख कोल्हापुर के लोग फूट-फूट कर रोने लगे।

शुक्रवार सुबह संरक्षक मंत्री हसन मुश्रीफ ने घटनास्थल का दाैरा किया। उन्हाेंने कहा कि यह दृश्य देखकर उन्हें भी बहुत दु:ख हुआ। इस नाट्यगृह को आग से जलकर राख होना दिल दहला देने वाला है। यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मुझे इस घटना के बारे में सोशल मीडिया पर देर रात यात्रा के दौरान पता चला, जब मैं महालक्ष्मी एक्सप्रेस से ट्रेन से आ रहा था। आग के वो दृश्य बेहद परेशान करने वाले और दर्दनाक थे। उन्हाेंने कहा कि राज्य के उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री अजित पवार दो दिनों में कोल्हापुर आ रहे हैं। उनसे इस त्रासदी पर चर्चा करहम इस नाट्यगृह के नव निर्माण के लिए अधिक से अधिक धनराशि जुटाने का प्रयास करेंगे और इस गौरव को फिर से बड़ी ताकत से खड़ा करने का प्रयास करेंगे।