FEATUREDMumbai

महाराष्ट्र लोकसभा चुनाव का शेड्यूल तय, जानें कहां-कब पड़ेंगे वोट और आयोग की क्या तैयारी

लोकसभा चुनाव की घोषणा का राज्य की सभी राजनीतिक दलों ने स्वागत किया है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्वागत करते हुए कहा कि हम तैयार हैं। उद्धव सेना के प्रवक्ता व राज्य सभा के सदस्य संजय राउत ने लोकसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा का स्वागत किया और कहा कि महाविकास आघाडी (MVA) इसके लिए तैयार है।

मुंबई: लोकसभा चुनाव 2024 का चुनावी बिगुल बज चुका है। पूरे देश की निगाह उत्तर प्रदेश के बाद 48 सीटों वाले महाराष्ट्र पर टिकी है जहां 5 चरणों में चुनाव होंगे। यह पहली बार है जब महाराष्ट्र में 5 चरणों में लोकसभा चुनाव होने जा रहे हैं। महाराष्ट्र में वर्ष 2009 में 3 चरणों में लोकसभा के चुनाव हुए थे। उसके बाद 2014 में भी 3 चरणों में चुनाव हुए, लेकिन 2019 में चार चरणों में लोकसभा चुनाव हुए थे, जो अब 2024 में पांच चरणों में होंगे। महाराष्ट्र से ज्यादा देश के तीन ही राज्य हैं, जहां सातों चरणों में चुनाव होने जा रहे हैं। इनमें उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटें हैं, बिहार में 40 और पश्चिम बंगाल में 42 सीटें हैं।

बढ़ रहे हैं चरण, उठ रहे हैं सवाल
वंचित बहुजन आघाड़ी के नेता प्रकाश आंबेडकर ने चुनाव आयोग के इस फैसले का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने कहा कि संसदीय चुनाव के इतिहास में पूरे महाराष्ट्र में चुनाव के दौरान कहीं कोई गड़बड़ी नहीं देखी गई है। चुनाव के दौरान दंगा तो दूर की बात है, राज्य में पत्थर फेंकने वाला भी एक आदमी नहीं मिलता। फिर राज्य में दो चरण के चुनाव को पांच चरण में कराने की क्या वजह है?
हालांकि, सत्ताधारी दल पांच चरणों के चुनाव से खुश हैं। राजनीतिक पंडितों का कहना है कि बीजेपी सहित एनडीए लोकसभा चुनाव पीएम मोदी के चेहरे पर लड़ रहा है। ऐसे में यूपी के सबसे ज्यादा 48 सीटों वाले महाराष्ट्र में 5 चरणों का चुनाव उनके लिए मुफीद है। पीएम मोदी की जितनी ज्यादा जनसभाएं होंगी,
चार भागों में बंटा महाराष्ट्र
भौगोलिक दृष्टि से महाराष्ट्र 4 भागों में बंटा है। इसमें कोंकण, मराठवाड़ा, पश्चिम महाराष्ट्र और उत्तर महाराष्ट्र शामिल है। महाराष्ट्र में पहले चरण का चुनाव 19 अप्रैल को 5 सीटों पर होगा। इसमें रामटेक और नागपुर सीट को छोड़ दिया जाए तो भंडारा गोंदिया, गढ़चिरौली और चंद्रपुर सीट को नक्सल प्रभावित माना जाता है। भले ही विपक्षी दल कहें कि चुनाव शांतिपूर्ण होते हैं लेकिन इन तीनों सीटों पर चुनाव कराना हमेशा से सुरक्षा बलों के लिए चुनौतीपूर्ण रहा है। इन सीटों में से नागपुर सीट पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और चंद्रपुर सीट पर राज्य में मंत्री सुधीर मुनगंटीवार किस्मत आजमा रहे हैं।

हर चरण में बिग फाइट
-दूसरे चरण में 8 सीटों पर 26 सीटों पर चुनाव होने हैं। इसमें अमरावती, अकोला, वर्धा और नांदेड़ की सीट शामिल है। यह लोकसभा सीटें विदर्भ और मराठवाड़ा एरिया में आती हैं। इन सीटों पर कई दिग्गज अपनी किस्मत आजमाएंगे। इसमें अमरावती सीट पर मौजूदा सांसद नवनीत राणा भी शामिल हैं।

-तीसरे चरण में 7 मई को कुल 11 सीटों पर चुनाव होंगे, इनमें ज्यादातर सीटें पश्चिम महाराष्ट्र में हैं। बारामती सीट पर पूरे देश की नजर रहेगी। यहां अभी शरद पवार की पुत्री सुप्रिया सुले सांसद हैं। एनसीपी टूटने के बाद इस सीट पर पवार परिवार के बीच मुकाबला होने की संभावना जताई जा रही है। पश्चिम महाराष्ट्र में एनसीपी का दबदबा रहा है जिसे बीजेपी ने हाल के चुनावों में चुनौती दी है। 2024 के लोकसभा चुनाव में यहां क्या परिणाम आता है यह राज्य की राजनीति तय करेगा। इसी चरण में रायगढ़ और सातारा जैसी हॉट सीट पर भी चुनाव होना है।

-चौथे चरण में 13 मई को मराठवाड़ा, उत्तर महाराष्ट्र और पश्चिम महाराष्ट्र की 11 सीटों पर चुनाव होंगे। इसमें जालना सीट से केंद्रीय मंत्री राव साहेब दानवे, रावेर से रक्षा खडसे और बीड सीट से अपनी बहन प्रीतम मुंडे की जगह पंकजा मुंडे चुनाव लड़ रही हैं। इन सीटों का चुनाव परिणाम कई नेताओं का राजनीतिक भविष्य तय करेंगे

-पांचवें चरण में 20 मई को मुंबई की 6 सीटों, एमएमआर की 4 सीटों सहित कुल 13 सीटों पर मतदान होना है। मुंबई और एमएमआर की 10 सीटों पर वर्ष 2019 के चुनाव में शिवसेना और बीजेपी ने गठबंधन में चुनाव लड़ा था, तब दोनों ने मिलकर यहां विपक्ष का सूपड़ा साफ कर दिया था।

किस तरह पांच सालों में 360 डिग्री घूमी महाराष्ट्र की राजनीति?
वर्ष 2019 से 2024 के बीच महाराष्ट्र की राजनीति 360 डिग्री घूम गई है। 2019 के लोकसभा चुनाव में शिवसेना और बीजेपी ने साथ में चुनाव लड़ा और कांग्रेस, एनसीपी सहित अन्य दलों ने एक साथ चुनाव लड़ा था। अब 2024 के चुनाव में राजनीतिक बिसात ऐसी पलट गई है और शिवसेना सहित एनसीपी दो फाड़ हो चुकी है। उद्धव ठाकरे की शिवसेना को छोड़कर एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी, बीजेपी के साथ महायुति में चुनाव लड़ रही है। राजनीतिक पंडितों का कहना है कि देश में महाराष्ट्र ही एक ऐसा राज्य है जहां बीजेपी से कांग्रेस, शिवसेना से शिवसेना और एनसीपी से एनसीपी चुनाव लड़ रही है।