Health/FoodLatest

टमाटर की स्पाइसी करी

टमाटर की करी कोंकणी डिश है जिसे टमाटर सार भी कहते हैं। बिना लहसुन-प्याज के मात्र दस मिनट में इस डिश को रेडी किया जा सकता है। सबसे खास बात कि टमाटर के खट्टे-मीठे स्वाद के साथ इसके मसाले लाजवाब लगते हैं। वैसे आप चाहें तो इस करी में बेसन सेव, पापड़ या फिर बेसन के गट्टे भी डाल सकती हैं। जिससे इसका स्वाद दोगुना हो जाएगा। तो चलिए जानें कैसे बनाएं टमाटर करी।

टमाटर करी या सार बनाने की सामग्री

4-5 पके लाल टमाटर

2 चम्मच तेल

1 चुटकी हींग

1 चम्मच राई के दाने

1 चम्मच घिसा हुआ अदरक

2 हरी मिर्ची बारीक कटी हुई

8-10 करी पत्ता

नमक स्वादानुसार

आधा चम्मच गुड़

धनिया की पत्ती

टमाटर करी बनाने की विधि

-सबसे पहले पैन में पानी रखें। इस पानी में टमाटर को उबालने के लिए रख दें।

-टमाटर पकाने से पहले इसे धोकर डंठल निकाल दें और ऊपर से चार भाग में चीरा लगा दें।

-ऐसा करने से टमाटर जल्दी पक जाएंगे।

-जब ये पक जाएं तो पानी से निकालकर छिलका हटा दें। -मिक्सर के जार में डालकर ब्लेंड कर लें। -अब पैन में तेल गर्म करें। -जब तेल गर्म हो जाए तो इसमे राई के दाने डालें।

-राई चटकने के साथ ही इसमे हींग डालें और साथ में घिसा हुआ अदरक भी डाल दें।

-साथ में बारीक कटी हरी मिर्ची डालें।

-करी पत्ता चटकाएं और आधा चम्मच हल्दी पाउडर डाल दें।साथ में नमक, गुड़ का पाउडर डालकर मिक्स करें। -सारे मसाले अच्छी तरह से भुन जाएं तो टमाटर का पेस्ट डाल दें।

-अच्छी तरह से मसाले के साथ टमाटर के पेस्ट को भून लें।

-जब ये भुन जाए तो पानी डालें और साथ में नमक डालकर मिक्स करें। -5-10 मिनट तक पकाएं और सबसे आखिर में बारीक कटा हरा धनिया पत्ता डालकर ढंक दें।

-तैयार है टेस्टी टमाटर की करी, इसे चावल के साथ परोसें। या आप चाहें तो इसमे बेसन के सेव या गट्टे डालकर सब्जी का रूप दें। ये दोनों ही तरह से खाने में टेस्टी लगेगी।