भेड़-बकरियां जंगल में शेर से लड़ाई नहीं कर सकतीं, CM शिंदे ने विपक्ष पर साधा निशाना
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि विपक्ष सिर्फ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हराने के बारे में सोचता रहता है। लेकिन, भेड़-बकरियां जंगल में शेर से लड़ाई नहीं कर सकतीं। कहा कि मैं भी विपक्ष के साथ था। वे सिर्फ यही सोचते रहते थे कि प्रधानमंत्री मोदी को कैसे हराया जाए। लेकिन जंगल के सभी जानवरी, भेड़-बकरी साथ आकर भी शेर से नहीं लड़ सकते। शेर तो शेर होता है। जंगल में शेर ही राज करता है।
शिंदे ने कांग्रेस पर बोला हमला
इससे पहले 2014 में सब लोग मोदी के सामने इकट्ठा हुए थे। उस समय क्या हुआ, ये सभी जानते हैं। उन्होंने ये बातें श्रीनगर में एक समाचार चैनल से बात करते हुए कही। शिंदे ने इसी कड़ी में कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जो पार्टी कभी 400 सीटें हासिल करती थी, वह घटकर 40 पर आ गई। जनता प्रधानमंत्री के साथ है, क्योंकि वह भारत को महाशक्ति बनने की ओर ले जा रहे हैं।
ईडी की छापेमारी शिंदे ने कहा
विपक्षी दलों पर ईडी की छापेमारी के बारे में पूछे जाने पर शिंदे ने कहा कि ईडी जानबूझकर किसी के यहां ऐसे ही छापेमारी नहीं करती। जो भ्रष्टाचार करता है, उस पर छापे मारती है। जिसने कुछ नहीं किया, उसे डरने की कोई जरूरत नहीं है। महाराष्ट्र में राजग गठबंधन की स्थिति के बारे में कहा कि हमारी सरकार को कोई खतरा नहीं है। अब हमारे पास डबल इंजन की सरकार है।
अजीत पवार के साथ आने के बाद अब हमारे पास अब बहुत ज्यादा विधायकों का समर्थन है। शिंदे ने अपने से पहले के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का नाम लिए बिना उन पर यह कहते हुए प्रहार किया कि मेरी सरकार आने से पहले अहंकार से भरे हुए लोग थे। वे रुकावटें डालते थे और काम रुक जाता था। सारी परियोजनाएं बंद हो गई थीं। उन्हें हमने फिर से शुरू किया है।

