इंग्लैंड, म्यांमार से लौटे चार पर्यटक कोविड संक्रमित
उत्तर प्रदेश के आगरा में चीन से लौटे शख्स के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद अब बिहार के गया में चार संक्रमित मिले हैं।
प्रदेश के गया एयरपोर्ट पर आरटीपीसीआर जांच के दौरान इंग्लैंड और म्यांमार से आए चार पर्यटक कोविड संक्रमित मिले हैं। इसके बाद गया का स्वास्थ्य महकमा अलर्ट मोड में आ गया है। इन चारों पर्यटकों के संपर्क में आये लोगों का कोविड टेस्ट किया जा रहा है।
गौरतलब है कि गया में दो दिवसीय बौद्ध सेमिनार होने वाला है। इस सेमिनार में दलाई लामा भी हिस्सा लेंगे। सेमिनार में विश्व के कई कोनों से बौद्ध भिक्षु आ रहे हैं।
इस वजह से गया एयरपोर्ट पर विदेश से आने वाले लोगों का कोविड टेस्ट किया जा रहा है। इसी टेस्ट के दौरान चार पर्यटक कोरोना संक्रमित मिले हैं, जिसके बाद से हड़कंप मच गया है।

