अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा- भारत-अमरीका व्यापार समझौता पूरा होने के बेहद करीब
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि भारत और अमरीका व्यापार समझौता पूरा करने के बेहद करीब हैं। संवाददाताओं से बातचीत में कल श्री ट्रम्प ने कहा कि यह समझौता पहले के व्यापार समझौतों से अलग होगा। उन्होंने कहा कि दोनों देश समझौता करना चाहते हैं। श्री ट्रम्प का ये बयान अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो की भारत यात्रा के दौरान आया है।
इस महीने की शुरुआत में वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भी प्रस्तावित समझौते के विवरण पर चर्चा के लिए अमरीका के व्यापार प्रतिनिधि जैमिसन ग्रीर से मिलवॉकी और वांशिगटन में मुलाकात की थी। भारत और अमरीका ने फरवरी में द्विपक्षीय व्यापार समझौतों के पहले चरण की रूपरेखा को अंतिम रूप दिए जाने की घोषणा की थी। हालांकि अमरीका की शुल्क नीतियों में बदलाव के कारण समझौते पर आगे और बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ।

