सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ 27 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी
मुंबई, 26 नवंबर । अभिनेता आयुष्मान खुराना का मानना है कि दर्शक सिनेमा में हर तरह के नायक को पसंद करते हैं, लेकिन अच्छाई, सच्चाई और दयालुता से भरे किरदारों की अपनी अलग पहचान होती है। सूरज बड़जात्या की आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में आयुष्मान प्रेम नाम के ऐसे ही किरदार में नजर आएंगे, जो प्यार और मानवीय रिश्तों पर भरोसा करता है।
अभिनेता के मुताबिक सूरज बड़जात्या की कहानी कहने की शैली में सादगी और मासूमियत है, जो दर्शकों को रिश्तों की अहमियत समझाती है।आयुष्मान ने कहा कि सिनेमा में भव्य अंदाज वाले नायकों से लेकर अपनी कमजोरियों और भावनात्मक उलझनों से जूझने वाले किरदारों तक, हर तरह के नायक के लिए दर्शक मौजूद हैं। उन्होंने खुद भी अब तक कई अलग-अलग भूमिकाएं निभाई हैं। हालांकि, उनके अनुसार दिल से सोचने और दूसरों को प्राथमिकता देने वाले नायक की खूबसूरती अलग होती है।
आयुष्मान ने कहा कि सूरज बड़जात्या का सिनेमा हमेशा अच्छाई, परिवार, प्रेम और साथ रहने जैसे मूल्यों को महत्व देता रहा है। ऐसे समय में जब दुनिया में कट्टरता और टकराव बढ़ता दिखाई दे रहा है, उनकी फिल्में यह भरोसा दिलाती हैं कि अच्छा इंसान होना भी एक बड़ी खूबी है। अपने किरदार के बारे में बात करते हुए आयुष्मान ने कहा कि अब तक उन्होंने ऐसे पुरुष किरदार निभाए हैं, जो दुनिया की वास्तविकताओं और उसकी खामियों को सामने रखते हैं, लेकिन प्रेम का किरदार उन्हें एक अलग अनुभव देता है। उनके मुताबिक, प्रेम दर्शकों को दुनिया का वह रूप दिखाता है, जैसी वह हो सकती है। ‘ये प्रेम मोल लिया’ 27 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

