पंजाब चुनाव से पहले अकाली दल और भाजपा का गठबंधन, अमित शाह ने सुखबीर बादल की मौजूदगी में किया ऐलान
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने फिर से गठबंधन कर लिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की मौजूदगी में गठबंधन का ऐलान किया। इसके साथ ही अकाली दल एक बार फिर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल हो गया है। दोनों दलों के बीच करीब छह साल बाद गठबंधन की वापसी हुई है।
भाजपा मुख्यालय पहुंचे सुखबीर सिंह बादल
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मंगलवार दोपहर दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। इस दौरान पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ और अश्वनी शर्मा भी मौजूद रहे।
अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया गठबंधन का ऐलान
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के कक्ष में दोनों दलों के नेताओं की बैठक हुई। इसमें अकाली दल और भाजपा के गठबंधन को लेकर चर्चा की गई। दोनों दलों के नेताओं ने मिलकर फैसला किया है कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव भाजपा और अकाली दल साथ मिलकर लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि आज से अकाली दल एनडीए के सहयोगी के रूप में राजनीति में काम करेगा।
अमित शाह बोले- सबसे पुराने साथी अकाली दल की वापसी से खुशी
अमित शाह ने कहा कि जब पूरा देश श्री गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व मना रहा है, तब यह सभी के लिए आनंद का विषय है कि सबसे पुराना साथी अकाली दल फिर से साथ आया है। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल और अकाली दल के सभी नेताओं का एनडीए में स्वागत किया।
पीएम मोदी ने सुखबीर बादल को फोन कर जताई खुशी
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “कल जब प्रधानमंत्री जी से बात हुई कि एनडीए का विस्तार हो रहा है तो उन्होंने बहुत हर्ष के साथ सुखबीर सिंह बादल को फोन किया। उन्होंने एक प्रकार से भावना व्यक्त की कि अकाली दल के साथ ही एनडीए पूरा होता है। पीएम मोदी और बादल साहब, अटल-आडवाणी और बादल साहब का वर्षों पुराना व गहरा रिश्ता रहा है। भाजपा और अकाली दल का भी एक बहुत गहरा रिश्ता रहा है।”

