टीपू सुल्तान जयंती कार्यक्रम पर नितेश राणे बोले-कांग्रेस के नेता टीपू सुल्तान का क्याें महिमामंडन कर रहे हैं?
मुंबई, 20 नवंबर । महाराष्ट्र के लातूर शहर में आयोजित टीपू सुल्तान जयंती कार्यक्रम को लेकर राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री अमित देशमुख की कार्यक्रम में मौजूदगी और उनके बयान पर भाजपा नेता नितेश राणे ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, टीपू सुल्तान जयंती समारोह को संबोधित करते हुए अमित देशमुख ने कहा कि टीपू सुल्तान के इतिहास और उनके कार्यों की जानकारी आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि लातूर की युवा पीढ़ी को टीपू सुल्तान के जीवन और विचारों से परिचित कराने के लिए उनसे जुड़ी पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं। देशमुख ने इस पहल के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
अमित देशमुख के इस बयान पर भाजपा नेता नितेश राणे ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर टीपू सुल्तान का महिमामंडन करने का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि कांग्रेस नेता ऐसे शासक का गुणगान क्यों कर रहे हैं, जिस पर हिंदुओं के नरसंहार, जबरन धर्मांतरण और धार्मिक उत्पीड़न के आरोप लगाए जाते हैं।
राणे ने अपने बयान में कहा कि यदि टीपू सुल्तान आज जीवित होता, तो क्या कांग्रेस के वे नेता, जो खुद को हिंदू कहते हैं, हिंदू बनकर सांस भी ले पाते? उन्होंने अमित देशमुख पर निशाना साधते हुए कहा कि वह इस मुद्दे को कभी नहीं भूल पाएंगे। इस बयानबाजी के बाद महाराष्ट्र में टीपू सुल्तान के ऐतिहासिक व्यक्तित्व, उनके शासनकाल और राजनीतिक विरासत को लेकर बहस एक बार फिर तेज हो गई है। कांग्रेस और भाजपा के बीच इस मुद्दे पर सियासी टकराव बढ़ने के आसार हैं।

