दाऊद इब्राहिम के पुराने घर से जुड़ी मुसाफिरखाना इमारत का ध्वस्तीकरण
मु्ंबई, 19 नवंबर। महाराष्ट्र के दक्षिण मुंबई के भेंडी बाजार स्थित पाकमोडिया एस्टेट की मुसाफिरखाना इमारत को गिराने की कार्रवाई गुरुवार सुबह शुरू कर दी गई। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के परिवार के पुराने आवास से जुड़ी होने के कारण यह इमारत लंबे समय से चर्चा में रही है। बताया जाता है कि दाऊद इब्राहिम के पिता इब्राहिम कासकर इसी इमारत में रहते थे। ऐसे में महानगरपालिका की इस कार्रवाई पर लोगों की नजर बनी हुई है।
मुसाफिरखाना इमारत काफी जर्जर हो चुकी थी। इसकी दीवारों और छत के गिरने का खतरा बना हुआ था। संभावित हादसे को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने इसे सी-1 श्रेणी की बेहद खतरनाक इमारत घोषित किया था। इसके बाद इमारत को खाली कराने की प्रक्रिया पूरी कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई।
इस इमारत को गिराने की कार्रवाई बुधवार, 18 नवंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन स्थानीय लोगों और प्रार्थनास्थल से जुड़े लोगों के विरोध के चलते इसे टाल दिया गया था। स्थानीय लोगों ने प्रार्थनास्थल को हटाने पर आपत्ति जताते हुए प्रशासन से अतिरिक्त समय देने की मांग की थी। इसके बाद गुरुवार सुबह बीएमसी के अधिकारी, कर्मचारी और ध्वस्तीकरण के लिए जरूरी मशीनरी मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में इमारत को गिराने का काम शुरू किया गया।
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान इमारत के भूतल पर स्थित मस्जिद अथवा प्रार्थनास्थल को लेकर विवाद सामने आया। स्थानीय लोगों ने इस हिस्से को हटाने का विरोध किया था। इसी को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति पैदा न हो। सूत्रों के अनुसार, बीएमसी के वरिष्ठ अधिकारियों की योजना प्रार्थनास्थल वाले हिस्से को सुरक्षित रखते हुए इमारत के शेष जर्जर और खतरनाक हिस्से को गिराने की है। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन के आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
मुसाफिरखाना इमारत भेंडी बाजार क्लस्टर पुनर्विकास परियोजना के दायरे में आती है। इस क्षेत्र के पुनर्विकास की जिम्मेदारी सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट के पास है। बताया जा रहा है कि इमारत का कुछ हिस्सा प्रस्तावित आंतरिक सड़क के चौड़ीकरण में भी बाधा बन रहा था। ऐसे में इमारत की जर्जर स्थिति के साथ-साथ पुनर्विकास परियोजना को आगे बढ़ाने के लिहाज से भी इसे हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के लिए महानगरपालिका की ओर से मुंबई महानगरपालिका अधिनियम की धारा 354 के तहत नोटिस जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा 31 अगस्त 2020 को बंबई उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए आदेश का भी हवाला दिया गया है। सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट की ओर से बताया गया है कि प्रार्थनास्थल से जुड़े लोगों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर एन नस्त्र टावर में अस्थायी जगह अथवा किराया मुआवजे का विकल्प उपलब्ध कराया गया है।
दक्षिण क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त मनीष कलवानिया ने बताया कि कार्रवाई के मद्देनजर मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। महानगरपालिका की टीम सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजामों के साथ ध्वस्तीकरण का काम कर रही है। उनके अनुसार, फिलहाल इलाके में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है।

