बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर विवाद पर सियासी घमासान तेज! शायना एनसी की माफी से संतुष्ट नहीं ठाकरे गुट
मुंबई , 19 नवंबर । शिवसेना प्रमुख दिवंगत बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़े जाने के विवाद ने महाराष्ट्र की राजनीति में नया तूफान खड़ा कर दिया है। शिंदे गुट की प्रवक्ता शायना एनसी द्वारा इस मामले में माफी मांगे जाने के बावजूद उद्धव ठाकरे गुट का विरोध थमता नजर नहीं आ रहा है। ठाकरे गुट का कहना है कि केवल माफी मांगने से मामला खत्म नहीं होगा, बल्कि इस पूरे प्रकरण में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
दरअसल, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के विरोध में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान शायना एनसी ने प्रदर्शन करते हुए एक ऐसा कागज फाड़ दिया, जिस पर बालासाहेब ठाकरे और कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर की तस्वीर थी। इसके बाद विवाद खड़ा हो गया और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
विवाद बढ़ने के बाद शायना एनसी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर बालासाहेब ठाकरे के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बालासाहेब उनके लिए पिता समान थे और उनका अनादर करने का कोई इरादा नहीं था। उन्होंने अनजाने में भावनाएं आहत होने पर शिवसैनिकों और बालासाहेब के समर्थकों से माफी भी मांगी।
हालांकि, शायना एनसी की माफी के बावजूद ठाकरे गुट का रुख नरम होता दिखाई नहीं दे रहा है। ठाकरे गुट के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताई है। साथ ही संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई और मामले में कानूनी कदम उठाने की मांग भी उठाई गई है।
इस पूरे विवाद ने एक बार फिर महाराष्ट्र की राजनीति में ठाकरे और शिंदे गुट के बीच टकराव को चर्चा में ला दिया है।

