म्हाडा की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई पर भेदभाव के आरोप, शिवसेना और भाजपा कार्यालयों पर चला बुलडोजर
मुंबई, 18 नवंबर। मुंबई के एंटॉप हिल स्थित सीजीएस कॉलोनी के सेक्टर-1 में म्हाडा ने बुधवार काे अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई कथित अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
स्वप्नपूर्ति को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी के पास म्हाडा कॉम्प्लेक्स के नजदीक सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए अधिकारियों ने पुलिस बंदोबस्त के बीच बुलडोजर की मदद से तोड़क कार्रवाई की। इस दौरान शिवसेना और भाजपा के कार्यालयों सहित अन्य निर्माणों को भी गिराया गया।
हालांकि, मुख्य इमारत के बगल में स्थित एनसीपी के आरिफ के कार्यालय पर कार्रवाई नहीं होने से म्हाडा की इस मुहिम पर सवाल उठने लगे हैं। म्हाडा अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित कार्यालय के मामले में अदालत की ओर से स्थगन आदेश (स्टे ऑर्डर) जारी किया गया है, जिसके कारण वहां तोड़क कार्रवाई नहीं की गई।
इस बीच, स्थानीय कांग्रेस महासचिव सुफियान वानू ने म्हाडा की कार्रवाई में भेदभाव का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भाजपा और शिवसेना के कार्यालयों को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया, जबकि एनसीपी के आरिफ के कार्यालय में कथित तौर पर 14 फीट से अधिक ऊंचे अवैध शेड को कर्मचारियों ने स्क्रूड्राइवर की मदद से सावधानीपूर्वक हटाया।
वानू ने सवाल उठाया कि अतिक्रमण हटाने के मामले में अलग-अलग राजनीतिक दलों के कार्यालयों के साथ अलग-अलग व्यवहार क्यों किया जा रहा है? उन्होंने गरीब आम नागरिकों के निर्माणों पर होने वाली कार्रवाई और राजनीतिक कार्यालयों को दी जा रही कथित राहत पर भी सवाल खड़े किए हैं।
फिलहाल, म्हाडा की इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। लाेगाें ने कार्रवाई की निष्पक्षता और सभी अतिक्रमणों के खिलाफ एक समान नियम लागू किए जाने की मांग उठाई है।

