National

अम्बिकापुर : उदयपुर विकासखंड के 20 स्कूलों में आज अवकाश घोषित, इलाके में 18 हाथियों का दल कर रहा विचरण

अम्बिकापुर, 16 नवंबर । सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड क्षेत्र में हाथियों के दल की लगातार आवाजाही और संभावित जनहानि के खतरे को देखते हुए शिक्षा विभाग ने बड़ा एहतियाती कदम उठाया है। क्षेत्र में खूंखार हाथी ‘कबरा कान’ समेत 18 हाथियों के दल की मौजूदगी के कारण विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकासखंड के चार संकुलों के अंतर्गत आने वाले कुल 20 स्कूलों में आज सोमवार, 16 नवंबर 2026 को एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया गया है।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय उदयपुर द्वारा इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया गया है। आदेश के मुताबिक जंगल से सटे और हाथी प्रभावित इलाकों में संचालित प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला और हाई स्कूलों को आज बंद रखने का निर्णय लिया गया है, ताकि स्कूल आने-जाने के दौरान बच्चे और स्टाफ किसी भी प्रकार के हादसे का शिकार न हों।

प्रशासनिक आदेश के तहत जिन चार संकुलों के 20 विद्यालयों में आज छुट्टी रहेगी, उनमें चकेरी संकुल के सर्वाधिक 10 स्कूल शामिल हैं। इनमें प्राथमिक शाला चकेरी, माध्यमिक शाला चकेरी, हाई स्कूल चकेरी, प्राथमिक शाला आमाडुगु, प्राथमिक शाला छिंदवारीपारा, प्राथमिक शाला तिलहरडुगु, प्राथमिक शाला सरमा, प्राथमिक शाला तेंदूटिकरा, प्राथमिक शाला बसेन और माध्यमिक शाला बसेन बंद रहेंगे।

इसी तरह दावा संकुल के अंतर्गत आने वाले 6 विद्यालयों- प्राथमिक शाला दावा, माध्यमिक शाला दावा, प्राथमिक शाला मनोहरपुर, माध्यमिक शाला मनोहरपुर, प्राथमिक शाला बोंगरू और प्राथमिक शाला रायचुआ में भी आज पठन-पाठन स्थगित रहेगा। इसके अतिरिक्त उदयपुर संकुल के 3 विद्यालय- प्राथमिक शाला बेलढाब, माध्यमिक शाला बेलढाब व प्राथमिक शाला जुनापारा तथा डांडगांव संकुल के अंतर्गत संचालित प्राथमिक शाला पटेलपारा में भी आज अवकाश घोषित किया गया है।

शिक्षा विभाग ने इन सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधानपाठकों, प्राचार्यों, शिक्षकों और अभिभावकों को निर्देशित किया है कि वे इस अवकाश सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि कोई भी विद्यार्थी अनजाने में स्कूल न पहुंचे। प्रशासन ने ग्रामीणों और अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को जंगल या हाथी विचरण क्षेत्र की ओर न जाने दें और सतर्कता बरतें।