FEATUREDInternational

नेपाल में बंद होगी 3 जी सेवा, 4जी नेटवर्क पर होगा पूरा फोकस

काठमांडू, 15 नवंबर । नेपाल के दूरसंचार क्षेत्र में बड़ा तकनीकी बदलाव होने जा रहा है। देश की दो प्रमुख दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियां निजी क्षेत्र की एनसेल और सरकारी स्वामित्व वाली नेपाल टेलिकॉम देशभर में अपनी 3 जी सेवा बंद कर 4 जी तकनीक पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित करने की तैयारी कर रही हैं।

दुनियाभर में दूरसंचार कंपनियां पुरानी पीढ़ी की मोबाइल तकनीक को हटाकर नई तकनीक और नेटवर्क क्षमता के विस्तार में निवेश कर रही हैं। इसी क्रम में नेपाल की दोनों प्रमुख कंपनियों ने भी 3 जी नेटवर्क बंद करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इस मामले में निजी दूरसंचार कंपनी एनसेल आगे है।

एनसेल ने दिसंबर 2026 तक देशभर में 3जी सेवा पूरी तरह बंद करने का लक्ष्य रखा है। वहीं, नेपाल टेलिकॉम भी चालू वित्त वर्ष के भीतर ही 3जी सेवा पूरी तरह समाप्त करने की तैयारी कर रहा है।

एनसेल के अनुसार, कंपनी ने देशभर में संचालित कुल 3,139 नेटवर्क साइटों में से 992 साइटों पर 3 जी सेवा पूरी तरह बंद कर दी है। यह कुल नेटवर्क साइटों का लगभग 32 प्रतिशत है। कंपनी के अनुसार, बाकी करीब 2,150 साइटों पर संचालित 3 जी सेवा भी तिहार के बाद चरणबद्ध तरीके से बंद करने की तैयारी है।

एनसेल पहले चरण में लुंबिनी और गंडकी प्रदेश में 3जी सेवा बंद करेगा। इसके बाद बागमती प्रदेश और फिर मधेश, गंडकी तथा कोशी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में धीरे-धीरे यह सेवा समाप्त की जाएगी।

कंपनी के मुताबिक, उसके कुल सक्रिय ग्राहकों में से केवल करीब 3 प्रतिशत ग्राहक ही फिलहाल 3 जी सेवा का इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि, देशभर में 4जी सेवा का विस्तार होने के बावजूद 4 लाख 20 हजार से अधिक ग्राहकों के पास अभी भी 3जी सिम मौजूद हैं।

एनसेल का दावा है कि उसकी 4जी सेवा देश की करीब 95 प्रतिशत आबादी तक पहुंच चुकी है। कंपनी का उद्देश्य 3जी सेवा बंद कर नेटवर्क क्षमता और उपलब्ध स्पेक्ट्रम का अधिकतम इस्तेमाल करना है। पुरानी तकनीक हटने से उपलब्ध संसाधनों को नई तकनीक की सेवा गुणवत्ता सुधारने में लगाया जा सकेगा।

एनसेल ने स्पष्ट किया है कि 3जी सेवा बंद होने के बावजूद ग्राहक बुनियादी संचार सुविधाओं से वंचित नहीं होंगे। जिन ग्राहकों के पास 4जी सपोर्ट नहीं करने वाले पुराने मोबाइल फोन हैं, वे 2जी नेटवर्क के जरिए सामान्य वॉयस कॉल और एसएमएस सेवा का इस्तेमाल कर सकेंगे।

वहीं, पुराने सिम इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को कंपनी मुफ्त में 4जी सिम उपलब्ध कराएगी। सिम बदलने पर सात दिनों के लिए 2 जीबी इंटरनेट डेटा भी मुफ्त दिया जाएगा।

कंपनी ग्राहकों को 4जी नेटवर्क पर ही वॉयस कॉल करने के लिए वीओएलटीई तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। इस तकनीक के जरिए मोबाइल डेटा इस्तेमाल करते हुए भी 4जी नेटवर्क पर अधिक स्पष्ट और तेज वॉयस कॉल की सुविधा मिलती है।

एनसेल के बाद सरकारी स्वामित्व वाली नेपाल टेलिकॉम ने भी चालू वित्त वर्ष के भीतर 3जी सेवा पूरी तरह बंद करने की तैयारी शुरू कर दी है।

नेपाल टेलिकॉम के प्रवक्ता कमल लामिछाने ने बताया कि नेपाल ही नहीं, बल्कि दुनिया के अधिकांश देशों में दूरसंचार कंपनियां 3जी तकनीक को धीरे-धीरे विस्थापित कर रही हैं। इसी प्रक्रिया के तहत नेपाल टेलिकॉम भी वित्त वर्ष 2026/27 में अपनी 3जी सेवा पूरी तरह बंद करने की दिशा में काम कर रहा है। फिलहाल कंपनी 2100 मेगाहर्ट्ज बैंड पर 3जी सेवा संचालित कर रही है।

लामिछाने के अनुसार, 3जी सेवा बंद होने के बाद ग्राहक इंटरनेट डेटा के लिए 4जी और सामान्य वॉयस कॉल के लिए 2जी नेटवर्क का इस्तेमाल कर सकेंगे। वहीं, डेटा और वॉयस कॉल दोनों सुविधाएं एक ही नेटवर्क से इस्तेमाल करने के इच्छुक ग्राहक 4जी की वीओएलटीई सुविधा ले सकते हैं। इससे इंटरनेट और वॉयस कॉल दोनों की गुणवत्ता बेहतर होगी।

नेपाल टेलिकॉम अब तक देश की 760 स्थानीय निकायों तक 4जी सेवा का विस्तार कर चुका है। कंपनी बाकी स्थानीय निकायों में भी 4जी सेवा पहुंचाने और नेटवर्क की गुणवत्ता सुधारने की योजना पर काम कर रही है।

दोनों प्रमुख दूरसंचार कंपनियों की ओर से 3जी तकनीक बंद करने की तैयारी के साथ नेपाल में पुरानी मोबाइल तकनीक से नई पीढ़ी के नेटवर्क की ओर बदलाव की प्रक्रिया तेज होने की संभावना है।

3जी सेवा के लिए इस्तेमाल हो रही फ्रीक्वेंसी और नेटवर्क संसाधनों को 4जी सेवा की क्षमता तथा गुणवत्ता सुधारने में इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे दूरसंचार कंपनियों की परिचालन लागत और नेटवर्क प्रबंधन पर भी असर पड़ेगा।

हालांकि, 4जी सेवा का विस्तार होने के बावजूद पुराने मोबाइल फोन और सिम इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को नई तकनीक में स्थानांतरित करना दोनों कंपनियों के लिए चुनौती होगी। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर समुदायों के ग्राहकों को बुनियादी संचार सुविधाओं से वंचित किए बिना यह बदलाव करना महत्वपूर्ण होगा।

नेपाल दूरसंचार प्राधिकरण के आश्विन महीने तक के आंकड़ों के अनुसार, नेपाल में कुल 7 लाख 38 हजार 761 ग्राहक अभी भी 3जी सेवा का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनमें नेपाल टेलिकॉम के 6 लाख 42 हजार 720 और एनसेल के 96 हजार 41 ग्राहक शामिल हैं।

इसके मुकाबले देश में 4जी ग्राहकों की संख्या 2 क