Science

माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं पूरी तरह बहाल, 24 घंटे से अधिक चला वैश्विक आउटेज खत्म

दुनिया भर में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई बड़ी तकनीकी रुकावट अब खत्म हो गई है। कंपनी ने शनिवार को पुष्टि की कि टीम्स, आउटलुक और उसके अन्य प्रोडक्ट्स की सेवाएं पूरी तरह बहाल कर दी गई हैं। इस आउटेज के कारण दुनियाभर में कारोबार, सरकारी कामकाज और ऑनलाइन संचार व्यवस्था 24 घंटे से अधिक समय तक प्रभावित रही। लाखों यूजर्स को ईमेल भेजने, ऑनलाइन मीटिंग करने और कैलेंडर मैनेज करने जैसे जरूरी कामों में परेशानी का सामना करना पड़ा।

माइक्रोसॉफ्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि उसने तकनीकी समस्या के मूल कारण को ठीक करने का काम पूरा कर लिया है। इसके साथ ही बाकी प्रभावित ग्राहकों और क्षेत्रों में भी सेवाएं दोबारा शुरू कर दी गई हैं। कंपनी के मुताबिक, इस व्यवधान के पीछे सर्वर से जुड़ी तकनीकी खामियां थीं। इसका किसी साइबर हमले या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से संबंधित गतिविधि से कोई संबंध नहीं था। इस समस्या का असर कंपनी के एआई असिस्टेंट कोपायलट पर भी पड़ा था।

आउटलुक और माइक्रोसॉफ्ट टीम्स दुनिया के सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले ऑफिस और वर्कप्लेस एप्लीकेशन में शामिल हैं। इनके करोड़ों यूजर्स हैं। ऐसे में सेवाएं बाधित होने से कई देशों में कंपनियों और सरकारी संस्थानों का काम प्रभावित हुआ। ऑस्ट्रेलिया, जापान, अमेरिका और यूरोप के कई क्षेत्रों में कर्मचारियों को ईमेल, वर्चुअल मीटिंग और दूसरे ऑनलाइन कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कुछ ट्रेडिंग कंपनियों का काम प्रभावित हुआ, जबकि कई संस्थानों को अपनी वित्तीय रिपोर्ट और कमाई से जुड़ी घोषणाओं में देरी करनी पड़ी।

आउटेज की शुरुआत गुरुवार को हुई थी। इंटरनेट सेवाओं पर नजर रखने वाली कंपनी ऊकला के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई यह रुकावट कंपनी के इतिहास के सबसे लंबे आउटेज में से एक रही। डाउनडिटेक्टर पर दुनियाभर से 74 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। व्यवधान के दौरान शिकायतों की संख्या प्रति मिनट करीब 20 हजार तक पहुंच गई, जो सामान्य स्तर से लगभग 1,500 गुना अधिक थी। ऊकला के विश्लेषक ल्यूक केहो के मुताबिक, इस घटना ने दिखाया कि दुनियाभर में कामकाज के लिए कंपनियां कितनी अधिक ईमेल और ऑनलाइन सहयोग सेवाओं पर निर्भर हो चुकी हैं।

इस तकनीकी खराबी का असर माइक्रोसॉफ्ट के एक्सचेंज ऑनलाइन सिस्टम पर भी पड़ा, जो कंपनी की क्लाउड आधारित ईमेल और शेड्यूलिंग सेवा है। इसके प्रभावित होने से कुछ अन्य एप्लीकेशन भी ठीक से काम नहीं कर पाए। हालांकि, जिन संस्थानों ने क्लाउड के बजाय अपने निजी सर्वर पर सेवाएं संचालित कर रखी थीं, उन्हें अपेक्षाकृत कम परेशानी हुई।

ब्रिटेन में इस आउटेज का असर राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (NHS) और लंदन मेट्रोपॉलिटन पुलिस जैसी संस्थाओं पर भी पड़ा। पुलिस की कुछ ऑनलाइन अपराध रिपोर्टिंग सेवाएं प्रभावित हुईं, हालांकि आपातकालीन कॉल का जवाब देने की व्यवस्था सामान्य रही। वहीं, NHS के स्थानीय केंद्रों ने कामकाज जारी रखने के लिए वैकल्पिक आईटी सिस्टम और कागजी रिकॉर्ड का सहारा लिया। ब्रिटिश सरकार ने स्थिति से निपटने के लिए माइक्रोसॉफ्ट के साथ मिलकर काम करने की बात कही।

व्यापारिक क्षेत्र में भी इस व्यवधान का व्यापक असर देखने को मिला। यूरोपीय एक्सचेंज ऑपरेटर यूरोनेक्स्ट ने ईमेल सेवाओं में परेशानी की जानकारी दी। ब्रिटिश बीमा कंपनी अवीवा को अपनी कमाई से जुड़ी ऑनलाइन बैठकों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी, जबकि शिपिंग कंपनी मार्सक ने ग्राहकों को सेवाओं से जुड़े अपडेट में देरी की चेतावनी दी। भारत में इंडिगो, अकासा एयर और एयर इंडिया जैसी विमानन कंपनियों ने भी अपनी ईमेल सपोर्ट सेवाओं पर असर पड़ने की जानकारी दी। वहीं, OpenAI और Anthropic को भी माइक्रोसॉफ्ट कनेक्टर्स से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ा, जिन्हें बाद में ठीक कर लिया गया।

ताइवान के वित्तीय क्षेत्र में भी इसका असर दिखाई दिया। कुछ सिक्योरिटीज कंपनियों और बीमा संस्थानों के फंड प्रबंधन से जुड़े काम प्रभावित हुए। एक वित्तीय कंपनी को बॉन्ड पुनर्खरीद से जुड़ा लेनदेन रद्द करना पड़ा, जबकि दूसरी कंपनी ने ट्रेड की पुष्टि करने के लिए फैक्स का इस्तेमाल किया। अमेरिका की इलेक्ट्रिक ट्रक निर्माता कंपनी वर्कहॉर्स ग्रुप ने अपने वित्तीय नतीजों की घोषणा 16 नवंबर तक टाल दी। स्विट्जरलैंड की कंपनी रिचेमोंट को भी अपनी अर्धवार्षिक रिपोर्ट जारी करने में देरी हुई।

इस घटना के बाद दुनियाभर में कुछ बड़ी टेक कंपनियों पर निर्भरता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जब एक ही कंपनी ईमेल, ऑनलाइन मीटिंग, क्लाउड स्टोरेज और जरूरी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराती है, तो उसकी तकनीकी खराबी का असर कई क्षेत्रों तक पहुंच सकता है। मॉर्निंगस्टार डीबीआरएस के उपाध्यक्ष मारियो डी सिस्को ने अनुमान जताया कि इस आउटेज से दुनिया भर में बीमा कंपनियों को 300 से 500 मिलियन डॉलर तक का नुकसान हो सकता है।

गौरतलब है कि माइक्रोसॉफ्ट को इससे पहले भी अपनी सेवाओं में तकनीकी रुकावटों का सामना करना पड़ा है। इस साल जनवरी और पिछले साल अक्टूबर में माइक्रोसॉफ्ट 365 की सेवाएं प्रभावित हुई थीं। पिछले महीने कंपनी के एज़्योर क्लाउड प्लेटफॉर्म में भी आउटेज सामने आया था। ऐसे में लगातार हो रही तकनीकी समस्याओं ने कंपनियों की डिजिटल निर्भरता और सेवा की विश्वसनीयता को लेकर नई बहस छेड़ दी है। हालांकि विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि आउटलुक और टीम्स जैसे जरूरी प्लेटफॉर्म को बदलना आसान नहीं है, क्योंकि इनके साथ कंपनियों का पूरा कामकाजी ढांचा जुड़ा होता है।