Mumbai

अजित पवार के निधन के साथ ही राकांपा विलय की बातचीत खत्म : सुप्रिया सुले

मुंबई, 14 नवंबर । राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा-एसपी) की नेता और बारामती की सांसद सुप्रिया सुले ने शनिवार को कहा कि राकांपा के दोनों गुटों के बीच विलय को लेकर बातचीत उनके चचेरे भाई अजित पवार के 28 जनवरी 2026 को निधन के बाद समाप्त हो गई थी। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर उन्हें दूसरे गुट की ओर से कोई संदेश भी नहीं मिला है।

सांसद सुले ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में अपनी पार्टी के शामिल होने की अटकलों को भी खारिज किया। उनका यह बयान शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (एसपी) और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के फिर से एक होने की चर्चाओं के बीच आया है।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, “जब मेरे भाई (तत्कालीन राकांपा प्रमुख अजित पवार) जीवित थे, तब विलय को लेकर बातचीत हो रही थी। इसके लिए एक तारीख भी तय हो गई थी। लेकिन उनके भाई के निधन वाले दिन ही मेरे लिए और हमारी पार्टी के भीतर विलय का मुद्दा पूरी तरह समाप्त हो गया।”

सांसद सुले ने कहा, “राजग में शामिल होने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। जब इस बारे में कोई शुरुआत ही नहीं हुई, तो इसे खत्म करने का सवाल कहां उठता है?” उन्हों ने कहा कि अजित पवार के निधन के बाद उनकी पार्टी ने विलय के मुद्दे पर कोई बयान नहीं दिया है और न ही दूसरे गुट के बयानों का जवाब दिया है।

वहीं, महाराष्ट्र राकांपा अध्यक्ष सुनील तटकरे ने भी विलय की किसी संभावना से इनकार करते हुए कहा कि उनकी पार्टी में इस मुद्दे पर किसी स्तर पर कोई चर्चा नहीं हो रही है। उन्होंने शरद पवार से प्रफुल्ल पटेल की हालिया मुलाकात को राजनीतिक मुलाकात मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि पटेल केवल शरद पवार के स्वास्थ्य का हाल जानने गए थे।

तटकरे ने एनसीपी के भाजपा नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथ बने रहने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि पार्टी सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में गठबंधन के साथ रहेगी। उन्होंने संजय राऊत के 20 से 22 विधायकों के पाला बदलने के दावे को भी निराधार बताया।