81 वर्षीय ब्रिटिश लेखक एम जॉन हैरिसन ने ‘द एंड ऑफ एवरीथिंग’ के लिए जीता बुकर पुरस्कार
ब्रिटिश लेखक एम. जॉन हैरिसन को उनकी व्यंग्यात्मक कृति ‘द एंड ऑफ एवरीथिंग’ के लिए 2026 के बुकर पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिसमें एक भयावह काल्पनिक भविष्य का चित्रण किया गया है। 81 वर्षीय हैरिसन छह दशक लंबे लेखन करियर के बाद यह प्रतिष्ठित साहित्यिक पुरस्कार जीतने वाले सबसे उम्रदराज लेखक बन गए हैं।
महज 198 पृष्ठ का ‘द एंड ऑफ एवरीथिंग’ इस वर्ष पुरस्कार की अंतिम सूची में शामिल सबसे छोटा उपन्यास भी था। निर्णायक मंडल के सदस्यों का मानना था कि यह पुस्तक पाठकों को दुनिया के प्रति ‘‘आशावाद की एक हल्की-सी भावना’’ से भर देती है। पुरस्कार जीतने के बाद हैरिसन ने कहा, “आखिरकार अब मुझे लगने लगा है कि मैं सचमुच एक लेखक बन गया हूं, हालांकि अब भी मुझमें आत्मविश्वास की कमी है।” उन्होंने कहा, “आज के दौर में, जब उपन्यास लेखन भी बड़े पैमाने पर एक औद्योगिक गतिविधि बनता जा रहा है, ऐसे पुरस्कारों का महत्व बहुत बढ़ जाता है। हालांकि, बुकर जैसा कोई दूसरा पुरस्कार है ही नहीं।”
वर्ष 2026 के बुकर पुरस्कार की अंतिम सूची में ब्रिटेन के लेखकों का दबदबा रहा। इसमें स्कॉटिश-अमेरिकी लेखक और पूर्व बुकर पुरस्कार विजेता डगलस स्टुअर्ट भी शामिल थे, जिन्हें इस वर्ष उनके उपन्यास ‘जॉन ऑफ जॉन’ के लिए चुना गया था। इस पुरस्कार के एक अन्य पूर्व विजेता एवं जमैका के लेखक मार्लन जेम्स भी अपने उपन्यास ‘द डिसअपियरर्स’ के साथ दौड़ में शामिल थे। इसके अलावा, एलिजाबेथ स्ट्राउट का उपन्यास ‘द थिंग्स वी नेवर से’, ल्यूक केनार्ड की कृति ‘ब्लैक बैग’ और रेबेका पेरी का उपन्यास ‘मे वी फीड द किंग’ भी अंतिम सूची में शामिल थे।
बुकर पुरस्कार 2026 के निर्णायक मंडल की अध्यक्ष एवं लेखिका मैरी बियर्ड ने कहा, “इस वर्ष की अंतिम सूची में शामिल छह असाधारण उपन्यासों पर निर्णायक मंडल ने पूरे दिन विचार-विमर्श किया। इसके बाद सर्वसम्मति से एम. जॉन हैरिसन के उपन्यास ‘द एंड ऑफ एवरीथिंग’ को 2026 के बुकर पुरस्कार के लिए चुनने का फैसला किया गया।”उन्होंने कहा, “यह ऐसी किताब है, जो आपको भीतर तक झकझोर देती है, आपके चेहरे पर हल्की-सी कटाक्ष भरी मुस्कान ले आती है और हैरानी की बात है कि अपनी विषयवस्तु के बावजूद मन में आशा की एक हल्की किरण भी जगा जाती है।”
बुकर पुरस्कार विजेता लेखिका किरण देसाई (53) ने अपने उपन्यास ‘द लोनलीनेस ऑफ सोनिया एंड सनी’ के साथ इस प्रतिष्ठित साहित्यिक पुरस्कार की अंतिम सूची में पिछले वर्ष वापसी की थी। हालांकि, 2006 में अपने उपन्यास ‘द इनहेरिटेंस ऑफ लॉस’ के लिए बुकर पुरस्कार जीतने वाली दिल्ली में जन्मी लेखिका दूसरी बार यह पुरस्कार जीतने से चूक गईं। वर्ष 2025 का बुकर पुरस्कार हंगरी मूल के ब्रिटिश लेखक डेविड स्ज़ाले को उनके उपन्यास ‘फ्लेश’ के लिए मिला था।

