FEATUREDNational

दिल्ली समेत 6 राज्यों में एसआईआर की समयसीमा बढ़ी

नई दिल्ली, 30 अक्टूबर। चुनाव आयोग ने दिल्ली, महाराष्ट्र, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और नगालैंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की समयसीमा बढ़ा दी है। आयोग ने इन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश में दावे-आपत्तियां दाखिल करने, उनके निस्तारण और अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीखों में संशोधन किया है। संबंधित मुख्य चुनाव अधिकारियों से मिले अनुरोधों और परिस्थितियों की समीक्षा के बाद संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है।

चुनाव आयोग के अवर सचिव संदीप कुमार और सचिव पवन दीवान की ओर से जारी निर्देशों में संबंधित राज्यों के मुख्य चुनाव अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम का विभिन्न प्रचार माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा गया है। साथ ही सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी संशोधित समय-सारिणी की लिखित जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पात्र मतदाता निर्धारित समयसीमा में अपना पंजीकरण करा सकें।

चुनाव आयोग के अनुसार दिल्ली में इसी साल एक अक्टूबर की अर्हता तिथि के आधार पर दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 25 नवंबर कर दी गई है। राजधानी में मसौदा मतदाता सूची 31 अगस्त को प्रकाशित की गई थी और दावे-आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख 30 अक्टूबर निर्धारित थी। संशोधित कार्यक्रम के तहत नोटिस जारी करने और प्राप्त दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 15 दिसंबर तक पूरी की जाएगी। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर 2026 को प्रकाशित होगी।

महाराष्ट्र में भी एक अक्टूबर की अर्हता तिथि के आधार पर पुनरीक्षण कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। यहां मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटाने या संशोधन के लिए दावे और आपत्तियां अब 13 नवंबर तक स्वीकार की जाएंगी। नोटिस जारी करने और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 25 नवंबर तक पूरी होगी। राज्य में अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी।

हरियाणा में एक जुलाई की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे एसआईआर के तहत नोटिस जारी करने और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की समयसीमा 20 नवंबर तक बढ़ाई गई है। राज्य में अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को प्रकाशित होगी।

आंध्र प्रदेश में भी एक जुलाई की अर्हता तिथि के आधार पर दावे और आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तारीख 20 नवंबर निर्धारित की गई है। यहां अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को जारी होगी। वहीं, तेलंगाना में एक अक्टूबर की अर्हता तिथि के तहत दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 26 नवंबर तक चलेगी। राज्य में अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 नवंबर को होगा।

नगालैंड में भी एक अक्टूबर की अर्हता तिथि के अनुसार कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। मुख्य चुनाव अधिकारी के अनुरोध पर आयोग ने दावे और आपत्तियों के निस्तारण की समयसीमा बढ़ाकर 25 नवंबर कर दी है। राज्य में अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी।