जांजगीर-चांपा : विप्लव शिक्षण एवं कल्याण समिति का 24वां वार्षिकोत्सव पांच नवंबर को
जांजगीर-चांपा, 30 अक्टूबर । जरूरतमंद बच्चों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने के उद्देश्य से पिछले 23 वर्षों से सेवाभावी कार्यों में जुटी विप्लव शिक्षण एवं कल्याण समिति इस वर्ष अपना 24वां वार्षिकोत्सव पामगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत नंदेली में मनाएगी। आगामी 5 नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में संस्था के सदस्य जरूरतमंद बच्चों के बीच पहुंचकर पटाखे, मिठाई, दीये, अध्ययन सामग्री और खेल सामग्री वितरित करेंगे। साथ ही बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा करेंगे।
विप्लव शिक्षण एवं कल्याण समिति जांजगीर-चांपा द्वारा वर्ष 2003 से लगातार यह अनूठी परंपरा निभाई जा रही है। संस्था हर वर्ष एक नए गांव का चयन कर वहां के जरूरतमंद बच्चों के बीच दीपावली का उत्सव मनाती है। इस अभियान का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना और उन्हें त्योहार की खुशियों से जोड़ना है।
समिति के सदस्याें ने आज शुक्रवार काे बताया कि इस सेवाभावी अभियान की शुरुआत वर्ष 2003 में दीपावली के अवसर पर शिक्षक दीपक कुमार यादव की संवेदनशील सोच से हुई थी। उस समय छात्र रहे डॉ. अश्वनी राठौर और विकास मिश्रा ने इस पहल को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपनी जेब खर्च से शुरू किया गया यह छोटा सा प्रयास आज जिले में सामाजिक सेवा और मानवीय संवेदनाओं की मिसाल बन चुका है।
पिछले 23 वर्षों के दौरान संस्था द्वारा सिवनी, पाली, कन्हाईबंद, खोखरा, खोखसा, खैरा, हरदी महामाया, पोंच, पेंडरी, किरीत, महंत, हरदी हरि, जगमहंत, करमंदी, डोंगरी, पीथमपुर और मोहतरा सहित विभिन्न गांवों में जरूरतमंद बच्चों के साथ दीपावली का उत्सव मनाया जा चुका है। इस वर्ष ग्राम नंदेली में आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं।
विप्लव शिक्षण एवं कल्याण समिति की विशेषता यह है कि इससे समाज के विभिन्न वर्गों के लोग जुड़े हुए हैं। इनमें डॉक्टर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, उद्योगपति, इंजीनियर, शिक्षक, व्यवसायी, नौकरीपेशा लोग, युवा और छात्र शामिल हैं। संस्था में 10 से 50 वर्ष आयु वर्ग के सदस्य आपसी सहयोग और समर्पण के साथ सामाजिक गतिविधियों का संचालन करते हैं।
इसके अलावा जरूरतमंदों के लिए वाटर कूलर की व्यवस्था, शासकीय विद्यालयों में भोजन पात्र, पंखे, वाटर फिल्टर और चरण पादुका का वितरण, मूक-बधिर विद्यालयों एवं वृद्धाश्रमों में वस्त्र और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना भी संस्था की प्रमुख गतिविधियों में शामिल है। पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण, ध्वज संहिता जागरूकता अभियान और जरूरतमंद विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देने जैसे कार्य भी लगातार किए जा रहे हैं।

