Mumbai

विधान परिषद चुनाव में हार के बाद महायुति का उच्चस्तरीय मंथन

मुंबई, 28 अक्टूबर। विधान परिषद चुनाव में हार के बाद महायुति में शुरू हुई कलह को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। अगले एक-दो दिनों में तीनों दलों के वरिष्ठ नेताओं की उच्चस्तरीय बैठक बुलाई जाएगी। इसमें आपसी मतभेद भुलाने और हार के कारणों पर समीक्षा की जाएगी।

विधान परिषद के चुनावी नतीजों के बाद महायुति के तीनों घटक दलों में तनाव बढ़ गया है। इसी पृष्ठभूमि में हार, अंदरूनी झगड़ों की समीक्षा करने और आगे की रणनीति पर चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फढणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार सहित वरिष्ठ नेताओं की बैठक होगी। पाच सीटों के चुनाव में महायुति को सिर्फ दो सीटें मिली हैं, जबकि विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी की 3 सीटों पर जीत हुई है। यह महायुति के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। नागपुर शिक्षक सीट भी भाजपा हार गई। इसे लेकर महायुति के नेता एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। भाजपा और राकांपा (एपी) ने इस हार का सीधा आरोप शिंदे सेना पर लगाया है। जबकि शिंदे सेना ने भी भाजपा को धोखे का आईना दिखाया है।

तीनों दलों में बढ़ते आरोप-प्रत्यारोप को देखते हुए महायुति ने अगले एक-दो दिन में हार पर मंथन करने का फैसला किया है। भविष्य के डैमेज कंट्रोल पर चर्चा होगी। इधर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण अपनी रिपोर्ट अगले कुछ दिनों में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को देने दिल्ली जाने वाले हैं। चर्चा है कि कुछ पार्टी पदाधिकारयों पर गाज गिर सकती है