FEATUREDNational

तमिलनाडु में पूर्व मंत्री केएन नेहरू के 25 ठिकानों पर डीवीएसी की छापा

त्रिची (तमिलनाडु), 29 अक्टूबर । तमिलनाडु के सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक विभाग (डीवीएसी) ने आज पिछली डीएमके सरकार के पूर्व मंत्री केएन नेहरू से जुड़े 25 ठिकानों पर छापा मारा है। डीएमके के प्रमुख सचिव और पूर्व नगर प्रशासनमंत्री नेहरू के त्रिची के थिल्लई नगर स्थित आवास पर सुबह से अधिकारी तलाशी ले रहे हैं।

यह कार्रवाई नेहरू के कार्यकाल में नगर प्रशासन एवं पेयजल आपूर्ति विभाग में 2,538 सहायक और कनिष्ठ अभियंता की नियुक्ति में अनियमितता की शिकायत पर दर्ज मामले की जांच के तहत की गई है। सुबह तीन वाहनों में पहुंचे सतर्कता विभाग के 15 से अधिक कर्मचारियों ने थिल्लई नगर स्थित पूर्व मंत्री नेहरू के आवास और कार्यालय परिसर को नियंत्रण में लिया। इसके बाद सघन तलाशी शुरू की।

नेहरू के चेन्नई, त्रिची समेत लगभग 25 से अधिक ठिकानों पर दबिश दी गई है। उनके आवास के बाद चेन्नई के राजा अन्नामलाईपुरम स्थित उनके भाई केएन रविचंद्रन के घर और कार्यालय में दबिश दी गई है। रविचंद्रन टीवीएच बिल्डर्स कंपनी के मालिक हैं। इससे पहले पांच सितंबर को टेंडर में अनियमितता से संबंधित शिकायत के आधार पर सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने रविचंद्रन के घर और कार्यालय में छापा मारा था। विभाग ने बताया था कि 241 दस्तावेज और डिजिटल दस्तावेज जब्त किए गए। ताजा कार्रवाई के विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है।