अंकिता भंडारी को न्याय मिलने तक यह आंदाेलन नहीं रुकेगा : उदय भानु चिब
नई दिल्ली, 15 अक्टूबर। अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस ने बुधवार रात इंडिया गेट पर सत्याग्रह किया। भारतीय युवा कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी से अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग की।
भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने गुरुवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि युवा कांग्रेस और कांग्रेस के कई नेता एवं कार्यकर्ता बीती रात इंडिया गेट पर अंकिता भंडारी के माता-पिता के साथ प्रदर्शन में शामिल थे। इस दौरान कई लोगों को गुरुवार सुबह हिरासत में लिया गया बाद में एक घंटे में रिहा भी कर दिया गया।
उदय भानु चिब ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी के माता-पिता पिछले चार वर्षों से न्याय की मांग कर रहे हैं, लेकिन उन्हें ही हिरासत में लिया जा रहा है। उन्होंने दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि अंकिता के परिवार को न्याय दिलाने के बजाय उनके माता-पिता और कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा रहा है।
चिब ने कहा कि जिन बसों में दुष्यंत गौतम को गिरफ्तार होकर जाना चाहिए था, उनमें कांग्रेस के युवाओं को गिरफ्तार कर ले जाया जा रहा है। अंकिता के परिवार को हिरासत में लिया जा रहा है। कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय मिलने तक यह आंदाेलन नहीं रुकेगा।
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अंकिता के माता-पिता चार साल से इंसाफ की मांग कर रहे हैं, जबकि दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाकर पदोन्नति दी गई है। उन्होंने सवाल किया कि अंकिता को न्याय से वंचित रखने के लिए आखिर कब तक जिम्मेदार लोगों को संरक्षण दिया जाता रहेगा।
चिब ने कहा कि संगठन अंकिता के न्याय की लड़ाई जारी रखेगा और उनके परिवार के साथ मिलकर उन्हें न्याय दिलाने की हरसंभव कोशिश करेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग की।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने चेतावनी दी कि यदि दुष्यंत गौतम को राज्यपाल के पद से बर्खास्त नहीं किया गया, तो अंकिता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर देशभर में आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंकिता के साथ हुआ अन्याय गंभीर मामला है और संगठन इस लड़ाई को आगे भी जारी रखेगा।

