दुबई में बैठे गैंगस्टर राशिद केवलवाला के दो शूटर दिल्ली में गिरफ्तार
नई दिल्ली, 05 अक्टूबर । दिल्ली पुलिस की ईस्टर्न रेंज ने दुबई से चल रहे एक जबरन वसूली और गोलीबारी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दुबई में बैठे गैंगस्टर राशिद केवलवाला के इशारे पर राजधानी में हुई गोलीबारी की वारदात के सिलसिले में की गई है।
ईस्टर्न रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त मिलिंद डुंबरे ने बताया कि पूरी कार्रवाई पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर बेहद सावधानीपूर्वक की गई, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि जिस व्यक्ति के घर के पास गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया था, उसे अगस्त के महीने में फिरौती के लिए धमकी भरा फोन आया था। पीड़ित को डराने और दबाव बनाने के लिए दुबई में बैठे गैंगस्टर राशिद केवलवाला ने इन शूटरों को गोलीबारी करने का कार्य सौंपा था।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल किए गए हथियार और वाहन जब्त किए हैं। इनमें 3 सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, 18 जिंदा कारतूस और 1 बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल शामिल है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

