Mumbai

बोईसर में सजेगा ‘रास रंग’, युवा फाउंडेशन का नौ दिवसीय गरबा महोत्सव

मुंबई, 02 अक्टूबर । युवा फाउंडेशन की ओर से पालघर के बोईसर में नौ दिवसीय ‘रास रंग’ गरबा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन से प्राप्त होने वाली निधि का उपयोग दुष्काल प्रभावित किसानों की मदद के लिए किया जाएगा। भाजपा जिला अध्यक्ष भरत राजपूत ने यह जानकारी पत्रकारों को दी।

आयोजकों के अनुसार, रास रंग में आम नागरिकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है, ताकि क्षेत्र के सभी वर्गों के लोग बिना किसी आर्थिक बाधा के गरबा उत्सव में शामिल हो सकें। नौ दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं। आयोजकों का कहना है कि उत्सव के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को जोड़ने का यह प्रयास है, जिससे गरबा आयोजन का लाभ जरूरतमंद किसानों तक भी पहुंच सके।

कार्यक्रम में भाजपा के जिला अध्यक्ष भरत राजपूत, शिवसेना (शिंदे गुट) के जिला प्रमुख वसंत चव्हाण,विहिप के विभाग मंत्री चंदन सिंह भाजपा के जिला उपाध्यक्ष प्रशांत संखे , शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता सौरभ अप्पा,तुषार संखे अंकुर राउत,मुकेश पाटील सहित अन्य लोग उपस्थित रहें।आयोजकों ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर महिला बाउंसरों की तैनाती की जाएगी। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टर और एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेंगे। भीड़ को नियंत्रित करने और कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए स्वयंसेवकों की टीम भी तैनात रहेगी।इस कार्यक्रम के जरिए मनोरंजन के साथ जरूरतमंदों की सहायता का संदेश भी लोगों तक पहुंचाया जाएगा।