Entertainment

फातिमा सना शेख बनीं ‘पुलिस कंपनी’ का हिस्सा

मुंबई, 02 अक्टूबर । राम गोपाल वर्मा की आगामी एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘पुलिस कंपनी’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है।

इसी बीच खबर है कि अभिनेत्री फातिमा सना शेख भी इस परियोजना का हिस्सा हैं। हालांकि, निर्माताओं की ओर से उनकी भूमिका को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिल्म में हर्षवर्धन राणे मुख्य भूमिका में हैं और वह मुंबई के चर्चित मुठभेड़ विशेषज्ञ दया नायक से प्रेरित किरदार निभा रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, फातिमा ने सितंबर में फिल्म के लिए अपने हिस्से की शूटिंग पूरी कर ली है। बताया जा रहा है कि अभिनेत्री को एक विशेष भूमिका में लिया गया है, जो छोटी होने के बावजूद कहानी के लिहाज से अहम है। एक सूत्र के अनुसार, फिल्म में फातिमा का किरदार महज कैमियो तक सीमित नहीं है, बल्कि कहानी को आगे बढ़ाने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। शूटिंग के दौरान सेट पर सीमित लोगों की मौजूदगी रखी गई थी और उनके बॉडी डबल का भी इस्तेमाल किया गया था।

बताया जा रहा है कि ‘पुलिस कंपनी’ को दो भागों में तैयार किया जा रहा है और फातिमा के किरदार का विस्तार दूसरे भाग में देखने को मिल सकता है। फिल्म में उनके किरदार से जुड़ी जानकारी फिलहाल गोपनीय रखी जा रही है। सूत्र के मुताबिक, उनका ट्रैक कहानी के एक अहम पहलू को सामने लाता है, यही वजह है कि उनकी कास्टिंग को सार्वजनिक नहीं किया गया है। राम गोपाल वर्मा की यह फिल्म मुंबई पुलिस और अंडरवर्ल्ड के बीच संघर्ष की पृष्ठभूमि पर आधारित एक्शन थ्रिलर के तौर पर तैयार की जा रही है।