FEATUREDNational

मप्र के उज्जैन में शाही मस्जिद के हिस्से को तोड़ने पर बवाल, दो बार हुआ पथराव

उज्जैन, 28 सितम्बर । मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ प्रोजेक्ट के लिए सड़क चौड़ीकरण की जद में आई शाही मस्जिद के एक हिस्से को तोड़े जाने के विरोध में सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। पुलिस पर पथराव किया गया। इसके जवाब में पुलिस कर्मियों ने लाठीचार्ज और आंसू गैस छोड़ी। भीड़ को हटाने के दौरान महिला थाना प्रभारी घायल हो गईं।

इस विवाद के बाद भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, लेकिन दोपहर होते-होते फिर पथराव होने लगा। पुलिस ने दोबारा लाठीचार्ज कर आंसू गैस छोड़ी। हंगामे के बीच कार्रवाई जारी रही। हालांकि, नमाज के समय इसे रोक दिया गया। इसके बाद मामला शांत हो गया। पुलिस ने 15 लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शामिल हैं। इन पर माहौल बिगाड़ने का आरोप है।

शाही मस्जिद को तोड़े जाने के विरोध में सोमवार सुबह टंकी चौराहे पर मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए। कुछ लोग मस्जिद परिसर में जाने का प्रयास करने लगे, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं। मुस्लिम महिलाओं ने नाका नंबर-5 पर चक्का जाम कर दिया, जबकि कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव किया। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। इस दौरान क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी पुष्पा पांचाल भी घायल हो गईं।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। आईजी राकेश गुप्ता, कमिश्नर आशीष सिंह, डीआईजी नवनीत भासेन, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और एपी प्रदीप शर्मा भी मौके पर हैं। क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात किया है। मस्जिद के आसपास और आने-जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही नियंत्रित की जा रही है। पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर रख रहे हैं।

नमाज के दौरान उज्जैन में शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाए जाने की कार्रवाई रोक दी गई। इस दौरान एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, एसपी प्रदीप शर्मा समेत कलेक्टर रौशन सिंह ने फुटपाथ पर बैठकर ही भोजन किया। पथराव वाले इलाके के आसपास के सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। वहीं, छत्री चौक, सती गेट, सराफा, लखेरवाड़ी, ढाबा रोड और गोपाल मंदिर के आसपास का बाजार पूरी तरह बंद है। पुलिस डीजे के जरिए लगातार लोगों को घरों में रहने की हिदायत दे रही है।

नमाज के बाद दोपहर करीब 3 बजे कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा शांति व्यवस्था देखने निकले। दोनों अधिकारी घुड़सवार दल के साथ संवेदनशील इलाकों में पहुंचे। यहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं। उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण अभियान में लोगों, धार्मिक संगठनों और समुदायों का सहयोग मिलना अब तक की सबसे सकारात्मक बात है। क्षत्रिय चौक स्थित शाही मस्जिद का हिस्सा भी इस पहल के तहत हटाया जा रहा है।

एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि मुस्लिम समाज और मस्जिद कमेटी की सहमति व सहयोग से सड़क चौड़ीकरण क्षेत्र में आने वाले मस्जिद के हिस्से को हटाया जा रहा है। यह कदम आगामी सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश करने वाले एक समूह पर पुलिस ने आंसू गैस और लाठीचार्ज किया। पूरे इलाके की घेराबंदी की गई है। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 15 लोगों को हिरासत में लिया गया है। 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर की है। इनमें सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स भी शामिल हैं। पुलिस सोशल मीडिया की लगातार निगरानी कर रही है। अफवाह फैलाने या भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। मौके पर आरएएफ और पुलिस बल की टुकड़ियों को तैनात किया गया है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

अफवाहों पर ध्यान न दें- शहर काजी

जनसंपर्क विभाग ने उज्जैन शहर काजी खलीकुर्रे रहमान का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया है। वीडियो में शहर काजी ने अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि मस्जिद का मामला रात में ही आपसी सहमति से सुलझ गया था। ऐसी कोई स्थिति नहीं है, जिसके लिए किसी को वहां जाने की जरूरत हो। जिस कार्य को पूरा करने का संकल्प लिया गया है, उसे पूरा किया जा रहा है। अफवाहों के कारण घर से बाहर निकलकर अनावश्यक रूप से मौके पर न जाएं।

मस्जिद के हिस्से को मुस्लिम समाज ही हटा रहाः वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष

मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सनवर पटेल ने कहा कि शाही मस्जिद को न तो शहीद किया जा रहा है और न ही विस्थापित किया जा रहा है। सिंहस्थ 2028 के मद्देनजर सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे मस्जिद के हिस्से को मुस्लिम समाज और मस्जिद कमेटी के लोग खुद हटा रहे हैं। कुछ लोग इस मामले को लेकर समाज को भ्रमित और भड़काने का काम कर रहे हैं।

दरअसल, सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के लिए उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसी के तहत कोयला फाटक से गोपाल मंदिर तक डेढ़ किलोमीटर क्षेत्र की सड़क 15 मीटर चौड़ी की जा रही है। इसके लिए 323 मकान तोड़े जाएंगे। इनमें 15 धर्मस्थल हैं। अब तक 12 धर्मस्थल हटाए जा चुके हैं। सड़क के दायरे में शाही मस्जिद का भी करीब नौ फीट लंबा और चार फीट चौड़ा हिस्सा आ रहा है। दस्तावेज में इस मस्जिद के 100 साल से ज्यादा पुरानी होने की पुष्टि होती है। हालांकि, इमाम का दावा है कि यह 600 साल से ज्यादा पुरानी है।