लंदन स्थित अमरीकी दूतावास ने अमरीकी नागरिकों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी की
लंदन स्थित अमरीकी दूतावास ने ब्रिटेन में रह रहे या यात्रा कर रहे अमरीकी नागरिकों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी की है। यह चेतावनी फेयरफोर्ड में रॉयल एयर फोर्स बेस के पास आतंकवादी हमले की तैयारी के संदेह में कई लोगों की गिरफ्तारी के बाद जारी की गई है।
दूतावास के अनुसार, ब्रिटेन में आतंकवादी खतरे का स्तर फिलहाल गंभीर है, जिसका अर्थ है कि हमले की आशंका बहुत अधिक है। दूतावास ने विशेष रूप से चेतावनी दी है कि अमरीकी हितों को भी निशाना बनाया जा सकता है।
अमरीकी नागरिकों से सतर्क रहने, अपने आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने, व्यक्तिगत सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और अपने परिवार तथा मित्रों को अपनी स्थिति की जानकारी देते रहने को कहा गया है। उन्हें स्थानीय मीडिया से लगातार अपडेट लेते रहने और सुरक्षा संबंधी सूचनाओं के लिए अमरीकी विदेश विभाग के स्मार्ट ट्रैवलर एनरोलमेंट प्रोग्राम-STEP में पंजीकरण कराने की सलाह दी गई है।
इससे पहले, अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने अमरीका और ब्रिटेन की सुरक्षा एजेंसियों के संयुक्त अभियान की सराहना की थी। उन्होंने कहा कि इस अभियान में इंग्लैंड के एक सैन्य हवाई अड्डे के पास विस्फोटक संबंधी अपराधों के संदेह में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया।

