भारत और ऑस्ट्रेलिया द्विपक्षीय निवेश संधि पर मिलकर कर रहे काम : गोयल
नई दिल्ली, 25 सितंबर । केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि भारत-ऑस्ट्रेलिया द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए एक द्विपक्षीय निवेश संधि (बीआईटी) और व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते (सीईसीए) पर मिलकर काम कर रहे हैं।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने ऑस्ट्रेलिया में हो रहे द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) के पहले ओशिनिया इंटरनेशनल कांफ्रेंस को वर्चुअली संबोधित करते हुए यह बात कही। इन समझौतों का मकसद दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाना और आर्थिक संबंधों को मजबूत करना है।
गोयल ने ऑस्ट्रेलिया में आईसीएआई के पहले ओशिनिया इंटरनेशनल कांफ्रेंस 2026 को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों ही देश शिक्षा और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत कर सकते हैं। उन्होंने भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को मजबूत करने में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की भूमिका पर जोर दिया और इस प्रक्रिया को आसान बनाने में आईसीएआई की भूमिका की भी सराहना की।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दोनों देश अपने 2022 के व्यापार समझौते को एक व्यापक समझौते में बदलने के लिए बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि ऑस्ट्रेलिया के महत्वपूर्ण खनिज और पूंजी, भारत की विनिर्माण से जुड़ी महत्वाकांक्षाओं और विकास की चाहत के लिए मददगार हैं।

